पंचकूला जोन में बेटियों की बल्ले-बल्ले, लड़कों को पछाड़ लड़कियों ने मारी बाजी

Friday, May 03, 2019 - 08:19 AM (IST)

पंचकूला(आशीष) : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के ट्राईसिटी के 12वीं के परिणाम में भी इस साल लड़कियों का दबदबा रहा। जोन के पांच राज्यों हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर एवं चंडीगढ़ में पिछले साल के मुकाबले इस बार 12वीं का परिणाम बेहतरीन रहा है। साल 2018 में पास प्रतिशत 85.65 प्रतिशत रहा था। इस साल पास प्रतिशत 87.57 रहा है। इस बार सरकारी स्कूलों के मुकाबले निजी स्कूलों का रिजल्ट बेहतर रहा है। 

लडकियों का ओवरऑल पास प्रतिशत 92.00 है, जबकि लड़कों का 84.22 रहा। बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल सिंह के अनुसार पंचकूला जोन में इस बार मार्च-अप्रैल में हुए परीक्षा में 2,00,657 विद्यार्थी शामिल हुए। कुल 1,22,463 लड़कों में से 96,163 पास हुए। वहीं 89,408 लड़कियों ने परीक्षा दी और इनमें से 79,559 पास हुईं। 

सरकारी स्कूलों के लड़कों का पास प्रतिशत 78.30 रहा और 84.84 प्रतिशत लड़कियां पास हुईं। निजी स्कूलों के 83.85 प्रतिशत लड़के और 92.14 प्रतिशत लड़कियां पास हुईं। इसी प्रकार, जे.एन.वी. स्कूलों के लड़कों का पास प्रतिशत 96.79 और लड़कियों का 98.75 रहा। के.वी.एस. स्कूलों के 98.75 लड़के और 99.10 प्रतिशत लड़कियां पास हुईं। 

Priyanka rana

Advertising