कालका के गुरुद्वारा में महिला ने गुरु ग्रंथ साहिब के पन्ने फाड़े, पाठी पर लहराई तलवार

Monday, Mar 01, 2021 - 10:54 PM (IST)

कालका, (रावत): यहां कालीमाता मंदिर के नजदीक स्थित गुरुद्वारा साहिब में सोमवार को अचानक एक महिला ने पाठी पर तलवार से हमला करने का प्रयास किया और गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करते हुए पन्ने फाड़ दिए। दोपहर करीब 12 बजे हुई इस घटना के चलते शहर में हलचल मच गई। इस बीच गुरुद्वारा सिंह सभा ने महिला को पुलिस के हवाले तो कर दिया लेकिन बाद में पुलिस द्वारा महिला को छोड़ दिए जाने के बाद मामला तूल पकड़ गया। यह सारी घटना गुरुद्वारे के सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई।

 


दोपहर 12 बजे हुई घटना
इस बारे में गुरुद्वारा सिंह सभा के प्रधान हरबंस सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक महिला गुरुद्वारा में पहुंची और उसने शोर-शराबा करते हुए गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की। इसके अलावा महिला ने तलवार उठाकर गुरुद्वारा के पाठी पर हमला करने का प्रयास भी किया। उन्होंने बताया कि महिला को पुलिस के हवाले किया गया था लेकिन पुलिस ने महिला को दिमागी रूप से बीमार बताते हुए छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि इस बारे में पुलिस को शिकायत दी गई है और जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो इस बारे हाई लैवल पर बात करेंगे।


धर्मपुर के मैंटल अस्पताल से चल रहा है महिला का इलाज
कालका थाने के एस.एच.ओ. महावीर सिंह ने बताया कि हमीरपुर निवासी महिला पिंजौर में अपने परिवार के साथ किराए पर रहती है। दोपहर को महिला अपने पति विजय कुमार व भाई के साथ कालीमाता मंदिर में आई थी। इस दौरान वह मानसिक संतुलन खो बैठी और अपने परिवार के लोगों को भी पीटने लगी। इस दौरान महिला के पति विजय ने फोन कर मदद मांगी थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

गुरुद्वारा सिंह सभा के पदाधिकारी भी पहुंचे और उन्होंने महिला द्वारा गुरुद्वारा में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने व पाठी पर हमला करने जैसी शिकायत भी की। इस बीच पुलिस ने परिवार की मदद करते हुए महिला को गाड़ी में बैठा दिया, जिसके बाद उसके परिजन उसे धर्मपुर के अस्पताल के लिए रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि महिला का धर्मपुर के एक मैंटल अस्पताल से इलाज चल रहा है। महिला के पति से इस बारे में सारा मैडीकल रिकार्ड मांगा गया है।

AJIT DHANKHAR

Advertising