ITBT के दो जवानों को 5-5 लाख बतौर मुआवजा देने के आदेश, जानें पूरा मामला

Sunday, Oct 15, 2017 - 01:00 AM (IST)

चंडीगढ़, (संदीप): चंडीगढ़ पुलिस और भारतीय स्टेट बैंक को जिला अदालत ने आई.टी.बी.पी. के 2 हैड कांस्टेबलों को संयुक्त रूप से 5-5 लाख रुपए बतौर मुआवजा देने के आदेश दिए हैं। असली नोटों को नकली बताकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किए जाने के मामले में आई.टी.बी.पी. के नैन सिंह ने चंडीगढ़ पुलिस और भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों पर मानहानी का केस दायर किया था।

नैन सिंह की ओर से केस की पैरवी कर रहे एडवोकेट मदन सिंह के अनुसार अदालत ने चंडीगढ़ पुलिस और एस.बी.आई. बैंक को गलती करने वाले तत्कालीन सैक्टर-31 थाना प्रभारी और एयरफोर्स स्टेशन के तत्कालीन बैंक मैनेजर से यह राशि वसूलने को भी कहा है।

गौरतलब है कि आई.टी.बी.पी. के 2 हैड कांस्टेबल नैन सिंह और अमर सिंह जालंधर से जवानों के वेतन के करीब साढ़े तीन लाख रुपए 17 मई, 2013 को पंचकूला से सैक्टर-31 स्थित एयरफोर्स स्टेशन स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में जमा करवाने के लिए लाए थे, लेकिन जब वह पैसा जमा करवाने लगे तो उसमें हजार-हजार के 91 नोट जाली निकले थे।

 बैंक मैनेजर ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिना नोटों की जांच कराए दोनों जवानों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर उनका 4 दिन का रिमांड हासिल किया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने नकली नोटों को चेक कराया तो उन्हें असली पाया।

Advertising