PGI में तय संख्या में ही मरीज जा पाएंगे OPD में

Wednesday, Jun 03, 2020 - 09:29 AM (IST)

चंडीगढ़ (पाल) : लॉकडाऊन का सबसे ज्यादा असर हैल्थ केयर पर पड़ा है। शहर के तीन बड़े अस्पताल मरीजों के लिए इस वक्‍त टेली कंसल्टेशन सर्विस चला रहे हैं। मंगलवार को प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने वॉर रूम मीटिंग में शहर के तीनों मुख्य मैडीकल संस्थानों के डायरैक्टरों को आदेश दिया कि वह लोगों की सहूलियत के लिए तत्काल ओ.पी.डी. सेवाओं को बढ़ाएं।

कमेटी ने बताया, कैसे शुरू होगी ओ.पी.डी. सर्विस :
पी.जी.आई. डायरैक्टर डॉ. जगतराम कहते हैं कि ओ.पी.डी. सर्विस को वह जल्द शुरू करना चाहते हैं। इसे लेकर उन्होंने एक कमेटी बनाई है, जिसने अपनी राय दे दी है कि किस तरह ओ.पी.डी. सर्विस शुरू की जाए। उन्होंने बताया कि सर्विस शुरू करने के लिए वह नंबर ऑफ पेशैंट को कम करने जा रहे हैं। 

यानी एक तय नंबर के मरीज ही पी.जी.आई. ओ.पी.डी. में चैक करवाने आ सकेंगे। मरीज को कैसा तय किया जाएगा, इसको भी देखना पड़ेगा। यहां ओ.पी.डी. में मरीजों की संख्या ज्यादा रहती है। अगर एक भी मरीज पॉजीटिव हुआ तो आसपास के लोगों और स्टाफ पर भी इसका खतरा बढ़ सकता है। 

अगर किसी ओ.पी.डी. में 100 मरीज आते हैं, तो उसे कम कर 15 या 50 करने की कोशिश की जाएगी। टेली कंसल्टेशन सर्विस जारी रहेगी। साथ ही एमरजैंसी मरीज़ को अनदेखा नहीं किया जाएगा।

अटेंडैंट को नहीं मिलेगी एंट्री
मरीजों के साथ बड़ी संख्या में अटेंडैंट भी पी.जी.आई. पहुंचते हैं। डायरैटर जगतराम कहते हैं कि हमारी कोशिश है कि अटेंडैंट को बाहर ही रोका जाए, लेकिन बुजुर्ग मरीज़ या जिसे चलने फिरने में कोई दिक्कत है तो उसके साथ किसी एक को एंट्री दी जाए। फिलहाल हमारी टेली कंसल्टेशन सर्विस अच्छी चल रही है। मरीजों की संख्या भी पहले से बढ़ रही है।

ऑर्डर आते ही शुरू कर देंगे : मैडीकल सुपरिंटैंडैंट
जी.एम.एस.एच.-16 में भी मरीजों के लिए टेली कंसल्टेशन सर्विस चल रही है। मैडीकल सुपरिंटैंडैंट डॉ.एस. नागपाल कहते हैं कि फिलहाल हमारे पास कोई ऑर्डर नहीं आए हैं। अगर कोई ऑर्डर आते हैं तो ओ.पी.डी. सर्विस शुरू कर देंगे।

Priyanka rana

Advertising