अब दूर नहीं दिल्ली, यह नई ट्रेन पहुंचाएगी सबसे कम समय में जानें आप भी

punjabkesari.in Friday, Sep 30, 2016 - 09:34 AM (IST)

चंडीगढ़ (लल्लन): दीवाली से पहले चंडीगढ़ को दो नई ट्रेनों का तोहफा मिला है, जिनमें तेजस व अंत्योदय ट्रेन शामिल हैं। इन दोनों ट्रेनों की रेलवे ने समय सारिणी जारी कर दी है जिनके चलने की तिथि जल्द घोषित कर दी जाएगी। रेलवे की ओर से चंडीगढ़ से जिस तेजस ट्रेन को चलाया जा रहा है, उसमें सभी कोच ए.सी. होंगे। इसके साथ ही यात्रियों को विशेष सुविधाएं दी जाएंगी। तेजस ट्रेन में सफर करने वाले यात्री अब सिर्फ 2.55 घंटे में ही दिल्ली पहुंच जाएंगे। जानकारी के अनुसार तेजस चंडीगढ़ व दिल्ली के बीच चलने वाली सबसे तेज ट्रेन होगी। विभाग की ओर से यह ट्रेन चंडीगढ़ व दिल्ली के बीच सप्ताह में 6 दिन चलाई जाएगी। यह ट्रेन बुधवार को नहीं चलेगी। इसके साथ ही रेलवे अंत्योदय ट्रेन जालंधर सिटी से चलाएगा जो लुधियाना होते हुए चंडीगढ़ आएगी और अम्बाला-सहारनपुर के रास्ते दरभंगा तक जाएगी। 

यह होगा तेजस का शैड्यूल 
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से तेजस ट्रेन गाड़ी संख्या 22426 बनकर चलेगी। यह ट्रेन दोपहर 14.35 बजे चलेगी, जबकि शाम 17.30 बजे दिल्ली पंहुच जाएगी। दिल्ली से गाड़ी संख्या 22425 बनकर 9.30 बजे चलेगी और दोपहर 12.25 पर चंडीगढ़ पंहुच जाएगी। यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर बाकी सभी दिन चलेगी। इसके साथ ही इस ट्रेन में कुल 12 कोच होंगे। जिनमें चेयर कार -9, एग्जीक्यूटिव चेयर  कार -1, रिजनरेटिव वैन-2 कोच शामिल हैं। ट

तेजस यह होगा स्पैशल
तेजस ट्रेन के साथ टैल्गो कोच जोड़े जाएंगे, जिसमें यात्रियों के लिए अलग से 22 सुविधाएं मुहैया करवाई गई हैं। इसमें सफर करने वाले यात्रियों को शताब्दी व अन्य ट्रेनों के मुकाबले अधिक किराया देना होगा। इस ट्रेन के कोच में यात्रियों को जहां वाई-फाई की सुविधा होगी, वहीं कोच में सुधार के अलावा, हैड फोन सॉकेट के साथ-साथ प्रत्येक यात्री के लिए मनोरंजन स्क्रीन सहित 22 नई सुविधाएं होंगी। इसके साथ ही जैव वैक्यूम शौचालय, एल.ई.डी. बोर्ड जो सुरक्षा निर्देशों को लेकर यात्रियों को जानकारी देगा। वहीं दिव्यांग यात्रियों के लिए ब्रेल डिस्प्ले तथा इलैक्ट्रानिक रिजर्वेशन चार्ट भी होगा। 

अत्योदय ट्रेन का आगाज 
रेलवे की ओर से अंत्योदय ट्रेन को भी चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन रूट पर चलाया गया हैं। रेल मंत्री ने रेल बजट 2016-17 में लंबे रूट पर सुपर फास्ट ट्रेन चलाने का फैसला किया था। जिसके तहत इस ट्रेन के सभी कोच जनरल होंगे। जिससे आम यात्रियों को सफर के दौरान कोई परेशानी न हो। इसके साथ ही इस ट्रेन को चलाने के लिए सिर्फ 10 स्टॉप ही निर्धारित किए गए हैं। यह ट्रेन जालंधर सिटी से हर वीरवार को चलेगी, जबकि दरभंगा से यह ट्रेन हर मंगलवार को चलेगी। जालंधर सिटी अंत्योदय ट्रेन की गाड़ी संख्या 15568 होगी। यह ट्रेन वीरवार को जालंधर सिटी से 11.05 बजे चलेगी और अगले दिन 7 बजे दरभंगा पहुंचेगी, जबकि दरभंगा से गाड़ी संख्या 15567 जो रात 11.30 बजे मगंलवार को चलेगी और अगले दिन शाम 5.55 बजे जालंधर पंहुचेगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News