लिंग परीक्षण की जानकारी देने वाले को मिलेगा एक लाख ईनाम

punjabkesari.in Tuesday, Jan 21, 2020 - 09:38 AM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र) : शहर में बेटी बचाओ मुहिम के तहत अब लिंग परीक्षण करने वाले की सूचना देने वाले को एक लाख रुपए का ईनाम दिया जाएगा। डी.सी. मंदीप सिंह बराड़ और स्वास्थ्य विभाग के निदेशक जी दीवान ने सोमवार को संयुक्त रूप से इसकी घोषणा की। ऐसा करने वाला देश में चंडीगढ़ पहला है। 

PunjabKesari

पंजाब में इस घोषणा को लेकर प्रस्ताव तो बन गया है, लेकिन अभी आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा नहीं की गई है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ सप्ताह के दौरान डीसी मंदीप सिंह बराड़ ने बताया कि अभी तक चंडीगढ़ में बेटी बचाओ मुहिम को लेकर कई कार्यक्रम किए जा रहे हैं। 20 साल में इस उद्देश्य को लेकर किए गए कार्यों के कारण चंडीगढ़ में पुरुषों और महिलाओं के लिंगानुपात में 4 फीसदी का इजाफा हुआ है। 

अब लिंगानुपात को 100 प्रतिशत लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग शहर या शहर की सीमा के बाहर चलाए जा रहे लिंग परीक्षण केंद्रों के खिलाफ  पुलिस के साथ मिलकर अभियान चलाएगा। अभियान के तहत यदि कोई लिंग परीक्षण की सूचना देगा तो उसका नाम गुप्त रखते हुए एक लाख रुपए का नगद ईनाम भी दिया जाएगा।

पूरे साल चले अभियान :
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे अभियान 365 दिन और 24 बाई 7 चलने चाहिए। चंडीगढ़ में ऐसे कई अभियान चल रहे हैं। बस जरूरत है, उन्हें और प्रभावी बनाने की। यह बात डी.सी. मंदीप बराड़ ने 24 जनवरी को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर पत्रकारवात्र्ता के दौरान कहीं। 

यू.टी. गैस्ट हाऊस में सोमवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बालिका दिवस को लेकर एक सप्ताह तक विभिन्न विभाग कई कार्यक्रम आयोजित कराएंगे। 20 जनवरी से इन कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है। 25 जनवरी तक शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, जिला प्रशासन, पुलिस और न्याय विभाग यह कार्यक्रम आयोजित करेंगे। 

इससे पूर्व आयोजित विभागों की बैठक में उन्होंने सभी विभाग के अधिकारियों को बनाई गई कार्य योजना के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत चंडीगढ़ पुलिस मनचलों के खिलाफ  अभियान चलाएगी। शहर सहित यूटी अंर्तगत आने वाले 13 गांवों में भी पुलिस लड़कियों से छेडख़ानी करने वाले मनचलों को पकड़ेगी। 

शहर का समाज कल्याण विभाग अभियान के तहत सैक्टर 17 प्लाजा में हस्ताक्षर अभियान चलाएगा। इसके अतिरिक्त डोर टू डोर कैंपेन, नुक्कड़ नाटक, रैली, टॉक शो और 24 जनवरी को टैगोर थिएटर में भव्य कार्यक्रम आयोजित होंगे।

इस नंबर पर देनी होगी सूचना :
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लिंग परीक्षण की सूचना देने के लिए मोबाइल नंबर जारी किया है। लोग नंबर 8872201555 पर सूचना दे सकते हैं। इसका संचालन करने वाले मुहिम के नोडल अधिकारी डा. गौरव ने बताया कि इस नंबर पर लोग व्हाट्सएप के जरिए भी अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

पुरुषों के मुकाबले 777 थीं महिलाएं :
चंडीगढ़ में महिला और पुरुषों के लिंगानुपात की बात करें तो 2001 में 1000 पुरुषों के मुकाबले 777 महिलाएं थीं। 2011 में बढ़ौत्तरी होकर यह संख्या 808 तक पहुंच गई। इसके बाद अब तक 2020 में यह संख्या 945 तक पहुंच गई है। 20 साल में इसमें 4 फीसदी का इजाफा हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News