अब नया व्हीकल खरीदना पड़ेगा ‘महंगा’

Wednesday, Dec 02, 2015 - 01:53 AM (IST)

 चंडीगढ़, (विजय) : अगर नई कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो तुरंत बुक करा लें, क्योंकि जल्द ही अपने इस सपने को पूरा करने के लिए आपको अधिक जेब ढीली करनी पड़ सकती है। जिसका कारण है कि अब चंडीगढ़ प्रशासन ने भी अब मोटर व्हीकल्स पर वैल्यू एडिड टैक्स (वैट) बढ़ाने की तैयारी कर ली है। जो प्रोपोजल प्रशासन की ओर से तैयार किया गया है उसके अनुसार मोटर व्हीकल्स पर वैट को पंजाब के बराबर लाने की प्लानिंग है। इस समय पंजाब में मोटर व्हीकल्स पर वैट 13.2 प्रतिशत वसूला जाता है। जबकि चंडीगढ़ में वैट 12.5 प्रतिशत है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह प्रोपोजल तैयार करके चंडीगढ़ प्रशासक के सलाहकार विजय कुमार देव के पास भेजा जा चुका है। सूत्रों के अनुसार पड़ौसी राज्यों में वेट पर एक समानता लाने के लिए प्रशासन की ओर से यह फैसला लिया गया है।

डीजल पर बढ़ा था वैट

चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से जुलाई में ही डीजल पर वैट को बढ़ाया गया था। जुलाई से पहले डीजल पर वेट 9.68 प्रतिशत था। जबकि इसे बढ़ाकर 16.40 कर दिया गया था। जिसकी वजह से डीजल की कीमत में 2.77 रुपए की बढ़ौतरी हुई थी। प्रशासन की ओर से तर्क दिया गया था कि डीजल पर वेट इसलिए बढ़ाया जा रहा है ताकि पड़ोसी राज्यों के बीच डीजल के अवैध कारोबार पर लगाम लग सके। इससे पहले तक चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के बीच डीजल पर वेट में काफी अंतर था।

अब पैट्रोल की बारी

डीजल के बाद अब चंडीगढ़ प्रशासन ने पैट्रोल पर भी वैट बढ़ाने की तैयारी कर ली है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही पैट्रोल पर वेट को इतना बढ़ाया जाएगा ताकि पंजाब और हरियाणा के बराबर आ जाए। अभी चंडीगढ़ पैट्रोल पर 20 प्रतिशत वेट वसूल कर रहा है जबकि पंजाब में 28 प्रतिशत वेट वसूल किया जा रहा है। प्रशासन की  प्लाङ्क्षनग है कि पंजाब के काफी नजदीक वेट को लाया जाए।

Advertising