अब पेरीफेरी में बनेंगे 11 मंजिला अपार्टमैंट्स

Tuesday, Aug 27, 2019 - 12:06 PM (IST)

चंडीगढ़ (राजिंद्र): शहर की पेरीफेरी में अब 11 मंजिला मल्टी स्टोरी रैजीडैंशियल अपार्टमैंट्स का निर्माण हो सकेगा। इस संबंध में यू.टी. प्रशासन द्वारा परमिशन देने पर विचार किया जा रहा है। अर्बन प्लानिंग डिपार्टमैंट को इस संबंध में प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी शुरुआत चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड के आई.टी. पार्क में हाऊसिंग प्रोजैक्ट से की जाएगी। 

 

बोर्ड ने यहां पर 1100 फ्लैट्स का निर्माण करना है। इस प्रोजैक्ट के साथ ही मोहाली और न्यू चंडीगढ़ के साथ लगते एरिया में भी प्रशासन ऐसे प्रोजैक्ट्स पर काम शुरू कर देगा। 

 

इस संबंध में फाइनैंस सैक्रेटरी अजोय कुमार सिन्हा ने बताया कि उन्होंने अर्बन प्लानिंग डिपार्टमैंट को आई.टी. पार्क में होने वाले फ्लैट्स के निर्माण में 11 फ्लोर की परमिशन देने के लिए प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले अभी फिलहाल वहां पर सेवन स्टोरी अपार्टमैंट्स बिल्डिंग बनाने का ही प्रोजैक्ट था।

 

दो साइट्स पर 1100 फ्लैट्स बनाने हैं 
चंडीगढ़ के आसपास के एरिया में कई मंजिला बिल्डिंगों का निर्माण हो रहा है। आई.टी. पार्क के साथ लगते एरिया में ही 15 से 20 फ्लोर की अपार्टमैंट्स की परमिशन दी जा रही है। यही कारण है कि चंडीगढ़ की पेरीफेरी में भी प्रशासन अब इसकी शुरुआत करने पर विचार कर रहा है। 

 

यहां बोर्ड के पास आई.टी. पार्क में 123 एकड़ भूमि है, जिसमें 20 साइट्स पर डिवैल्पमैंट की जानी है। बोर्ड ने दो साइट्स पर 1100 फ्लैट्स का निर्माण करना है, जबकि बाकी की 18 साइट्स प्राइवेट बिल्डरों को डिवैल्पमैंट के लिए देनी है। 

 

इसके लिए बोर्ड ने पहली बार प्राइवेट कंसल्टैंट बाय डिजाइन हायर किया था, ताकि प्राइवेट बिल्डरों के साथ मुकाबला किया जा सके और बेहतर डिजाइन के साथ फ्लैट्स तैयार किए जा सकें। इसके अलावा यहां यू.टी., पंजाब और हरियाणा के अधिकारियों के लिए भी फ्लैट्स का निर्माण किया जाना है। 

 

पेरीफेरी के अन्य एरिया में भी होगा काम 
इसके अलावा यू.टी. द्वारा पेरीफेरी में पंजाब और हरियाणा से जुड़े अन्य एरिया में भी 11 मंजिली रेजिडेंशियल बिल्डिंग के निर्माण पर काम किया जाएगा। फाइनेंस सैक्रेटरी ने बताया कि सभी पेरीफेरी एरिया में ही रैजीडैंशियल मल्टी स्टोरी अपार्टमैंट्स में अधिकतम फ्लोर की परमिशन देने पर विभाग द्वारा काम 

 

किया जा रहा है। बोर्ड के आई.टी. पार्क में इस प्रोजैक्ट के काफी लंबे समय से देरी हो रही है लेकिन अब नए प्रावधान के साथ इसे जल्द शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। बोर्ड ने आर्कीटैक्ट विभाग को पहले जोनिंग प्लान भेजा था। 

 

फ्लैट्स में होंगी सभी सुविधाएं  
बोर्ड द्वारा दो साइट्स 17 एकड़ भूमि पर फ्लैट्स का निर्माण करवाया जाएगा, जिसमें ई.डब्ल्यू.एस., वन बैडरूम, टू बैडरूम और थ्री बैडरूम फ्लैट्स शामिल होंगे। इनमें जिम और स्वीमिंग पूल का निर्माण भी करवाया जाएगा। बोर्ड के मुताबिक वर्तमान कलैक्टर रेट के हिसाब से फ्लैट्स की कीमत पहले की स्कीमों के मुताबिक अधिक होगी। 

 

वर्ष 2015 में बोर्ड को पाश्र्वनाथ डिवैल्पर्स से 123 एकड़ भूमि वापस मिली थी, जिसके बाद से ही बोर्ड इसकी डिवैल्पमैंट में लगा है। बता दें कि दो साल से 18 साइट्स को डिवैल्प करने के लिए बोर्ड बोलीदाता ढूंढने में असफल रहा। यही कारण है कि बोर्ड ने बोलीदाताओं को लुभाने के लिए रोड साइड 10 एकड़ भूमि पर फाइव स्टार होटल, मल्टीप्लैक्स और मॉल का निर्माण करने का भी प्लान तैयार किया था। 

pooja verma

Advertising