सैक्टर-38 मोटर मार्कीट के अलॉटियों को ग्राऊंड रैंट के नोटिस जारी

Saturday, Jul 27, 2019 - 03:10 PM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र) : चंडीगढ़ प्रशासन ने सैक्टर-48 मोटर मार्कीट के बाद अब सैक्टर-38 मोटर मार्कीट के अलॉटियों को भी नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। यहां हाल ही में इस्टेट ऑफिस ने 60 के करीब अलॉटियों को बढ़े हुए ग्राउंड रैंट के नोटिस जारी किए हैं। 

विभाग ने अलॉटियों को जल्द ग्राउंड रैंट जमा करवाने के निर्देश दिए हैं और न जमा करवाने पर सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी है। यही कारण है कि नोटिस मिलते ही अलॉटियों में हड़कंप मच गया है। शुक्रवार को प्रशासन की इस कार्रवाई के विरोध में भी अलॉटी मार्कीट में इकट्ठे भी हुए और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। अलॉटियों ने मांग की कि इन नोटिसों को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।

31 लाख का नोटिस देखकर अलॉटी घबराए :
कई शोरूम ऐसे हैं, जिनकी राशि प्रशासन ने 30 लाख रुपए तक भी निकाल दी है। अलॉटियों का तर्क है कि इतनी राशि तो शोरूम की नहीं थी, जितनी राशि प्रशासन ने ग्राउंड रैंट की निकाल दी है। उन्होंने कहा कि इतनी राशि के नोटिसों से वह घबरा गए हैं। 

अलॉटी बलदेव सिंह ने बताया कि जो नोटिस भेजा गया है, उसमें 4.72 लाख रुपए ग्राउंड रैंट, जी.एस.टी. 1 लाख, ब्याज 15 लाख और डिफरेंस ऑफ जी.आर. 1.95 लाख रुपए आदि लगाई गई है। इतनी राशि जमा करवाने की वे हालत में ही नहीं हैं, क्योंकि इतने में तो उनके अलॉटमैंट नहीं हुई थी। 

30 दिन में जमा करवाना होगा :
इस्टेट ऑफिस के एक अधिकारी ने बताया कि मोटर मार्कीट के सभी अलॉटियों को ग्राउंड रैंट जमा करवाने के निर्देश जारी किए हैं। अब उन्होंने फ्रैश नोटिस सैक्टर-38 के अलॉटियों को जारी किए हैं और इन्हें जल्द राशि जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। 

उन्होंने कहा कि इन सभी दुकानों के लिए बकाया राशि भी निकाली है। यही कारण है कि कई अलॉटियों का तो 30 लाख रुपए से ऊपर भी ग्राउंड रैंट बन रहा है। उन्होंने कहा कि लीज की टर्म एंड कंडीशन्स के मुताबिक ही रैंट बढ़ता है और इस पर टैक्स लगता है। 30 दिन के अंदर अलॉटियों को ये ग्राउंड रेंट जमा करवाना होगा। 

हाल ही में बढ़ाया ग्राऊंड रैंट :
बता दें कि वर्ष 2001 और उसके बाद अलॉट की गई मोटर मार्कीट की दुकानों का ग्राउंड रैंट प्रशासन ने हाल ही में बढ़ाया और अलॉटियों को बकाया राशि के साथ रैंट जमा करवाने के नोटिस भेजने शुरु कर दिए हैं। 

प्रशासन ने छोटी दुकानों के ग्राउंट रैंट को 9084 से बढ़ाकर 10936 कर दिया है, वहीं बड़ी दुकानों के ग्राउंड रैंट को 24 हजार से बढ़ाकर 35 हजार 505 रुपए कर दिया है।

मार्कीट में किया प्रदर्शन :
अलॉटी शुक्रवार को मार्कीट में इकट्ठे हो गए। इस दौरान उन्होंने प्रशासन की इस कार्रवाई का विरोध किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सभी मार्कीट के अलॉटियों ने इसके खिलाफ एक साथ संघर्ष का फैसला लिया है। 

व्यापारी नेता जगदीप महाजन ने कहा कि अलॉटमैंट के समय ही उन्होंने चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड को दुकानों के लिए राशि जमा करवा दी थी, लेकिन बावजूद इसके अब प्रशासन ने राशि पर एरियर निकाल दिया है, जो गलत है। 

Priyanka rana

Advertising