नहीं मानी कंज्यूमर की रिक्वैस्ट, फोरम ने एयर इंडिया पर ठोका हर्जाना

Thursday, Jun 20, 2019 - 01:30 PM (IST)

चंडीगढ़ (राजिंद्र) : विदेश यात्रा पर गए एक कंज्यूमर की रिक्वेस्ट नहीं मानना एयर इंडिया को महंगा पड़ गया। व्यक्ति ने इकोनॉमी क्लास की टिकट को बिजनैस क्लास में अपग्रेड करने के लिए रिक्वेस्ट डाली, साथ ही 39 हजार 569 रुपए भी अदा किए, लेकिन एयर इंडिया ने पेमैंट के बाद भी सीट नहीं दी। 

 

जिसके चलते फोरम ने कंपनी को सेवा में कोताही का दोषी करार दिया है। चंडीगढ़ सैक्टर-10ए में रहने वाले राजबीर इंदर सिंह ने सैक्टर-34ए स्थित एयर इंडिया के खिलाफ उपभोक्ता फोरम में शिकायत दी। 

 

शिकायतकर्ता  ने बताया कि जून 2018 में वह लंदन गए, 27 जून को वापस आने से पहले अपने कंफर्ट के लिए उन्होंने इकोनॉमी क्लास के टिकट को बिजनैस क्लास में अपग्रेड कराने का फैसला किया। 

 

इसके लिए उन्होंने कंपनी के वैबसाइट से अप्लाई किया और 39 हजार 569 रुपए भी चुकाए। चंडीगढ़ आने के लिए जब वह लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि टिकट को अपग्रेड नहीं किया गया है, क्योंकि सीट उपलब्ध नहीं है। 


एक से चार दिन पहले स्टेटस बताना होगा
शिकायतकत्र्ता ने कहा कि नियमों के अनुसार एक से चार दिन पहले सीट का स्टेट्स बताना होता है, लेकिन एयर इंडिया ने ऐसा नहीं किया, जो कि सेवा में कोताही का मामला है। एयर इंडिया ने फोरम में अपना जवाब दाखिल करते हुए कहा कि उन्होंने सेवा में कोताही नहीं बरती है। 

 

हालांकि फोरम ने एयर इंडिया को दोषी करार दिया और निर्देश दिए हैं कि कंपनी शिकायतकर्ता को 7000 रुपए मुआवजा अदा करें। आदेश की प्रति मिलने पर 30 दिन के अंदर इन आदेशों की पालना करनी होगी, नहीं तो कंपनी को मुआवजा राशि पर 9 प्रतिशत वार्षिक की दर से ब्याज भी देना होगा। ये आदेश जिला उपभोक्ता विवाद निवारण फोरम-2 ने सुनवाई के दौरान जारी किए।
 

pooja verma

Advertising