सोशल मीडिया बेलगाम घोड़े जैसा, उसकी लगाम किसी के हाथ में नहीं : कै.अमरेंद्र

Saturday, Jul 14, 2018 - 01:44 PM (IST)

चंडीगढ़(ब्यूरो) : पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने झूठी खबरें फैलाने के लिए सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोकने के लिए मुख्य धारा वाले मीडिया को सक्रिय भूमिका अदा करने का न्यौता दिया। जी.एम.सी.एच., सैक्टर-32 में चंडीगढ़ प्रैस क्लब के 38वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य धारा वाले मीडिया के दुरुपयोग को रोकने के लिए उसका अंदरूनी नियंत्रण होता है। 

परंतु सोशल मीडिया एक बेलगाम घोड़े की तरह उभरा है, जिसकी लगाम किसी के हाथ में नहीं। उन्होंने कहा कि चाहे सरकार, न्याय प्रणाली और अन्य एजैंसिया सोशल मीडिया के दुरुपयोग रोकने के लिए अपने स्तर पर यत्न कर रही हैं परंतु इस खतरनाक प्रवृत्ति को रोकने के लिए मुख्य धारा वाले पत्रकार ही सही मायनों में कारगर भूमिका अदा कर सकते हैं। 

मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ प्रैस क्लब के विकास के लिए 25 लाख रुपए का अनुदान देने का ऐलान करते हुए कहा कि यह क्लब पिछले कुछ वर्षों के दौरान शहर के नक्शे पर मिसाल बन कर उभरा है। इंटरनैशनल क्वालिटी सर्टीफिकेशन सर्विसज द्वारा चंडीगढ़ प्रैस क्लब को जारी किए रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट आई.एस.ओ. 9001:2015 को भी मुख्यमंत्री ने जारी किया। मुख्यमंत्री के साथ उनके मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल भी उपस्थित थे। इस अवसर पर नूरां सिस्टर्स ने सुफियाना कलाम भी पेश किए।

Punjab Kesari

Advertising