चंडीगढ़ में दुकानें शाम 7 और रैस्टोरैंट रात 10 बजे तक खुलेंगे, नाइट कफ्र्यू अब 10.30 से

Wednesday, Jun 16, 2021 - 12:26 AM (IST)

चंडीगढ़, (विजय गौड़) : चंडीगढ़ में अब दुकानें सुबह 10 से शाम 7 बजे तक खुली रहेंगी। इसके साथ ही शहर के रैस्टोरैंट्स/बार सुबह 10 से रात 10 बजे तक खोले जा सकेंगे। शहर में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार कम होने के  बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने ये फैसले मंगलवार को हुई वार रूम मीटिंग के दौरान लिए। 

 


प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर की अध्यक्षता में हुई मीटिंग के दौरान दुकानदारों और रैस्टोरैंट मालिकों से यह भी अपील की गई कि कोविड प्रोटोकोल का पूरा पालन किया जाए। नाइट कफ्र्यू में भी प्रशासन की ओर से लोगों को थोड़ी राहत दी गई है। अब नाइट कफ्र्यू 10.30 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगा। ये सभी फैसले बुधवार सुबह 6 बजे से प्रभावी होंगे। रविवार को लॉकडाऊन रहेगा या नहीं इस पर कोई फैसला नहीं हो पाया। बताया गया कि इस बारे में अलग से मीटिंग में फैसला लिया जाएगा। वहीं, मानसून सीजन के लिए प्रशासक ने इंजीनियरिंग और हैल्थ डिपार्टमैंट को तैयार रहने के लिए कहा है।


चंडीगढ़ में  पॉजिटिविटी रेट 2.9 प्रतिशत 
मीटिंग में दौरान पंचकूला के डिप्टी कमिश्नर ने जानकारी दी कि एक सप्ताह में 156 सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। इस तरह पॉजिटिविटी रेट 2.2 प्रतिशत रहा। वहीं, मोहाली के डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान 342 सैंपल पॉजिटिव रहे। जबकि पॉजिटिविटी रेट 4.9 प्रतिशत है। चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि एक सप्ताह में 453 सैंपल्स पॉजिटिव पाए गए। शहर में पॉजिटिविटी रेट 2.9 प्रतिशत रहा।


सीरो सर्वे के परिणाम होंगे लाभदायक
मीटिंग के दौरान शहर में होने वाले सीरो सर्वे पर भी चर्चा हुई। पी.जी.आई. की ओर से इस सर्वे में 18 वर्ष से कम आयु वर्ग को शामिल किए जाने के फैसले को एक अच्छा कदम बताया गया। पी.जी.आई. की ओर से जानकारी दी गई कि यह शहर के लिए उपयोगी अध्ययन साबित होगा क्योंकि अभी तक शहर में 18 वर्ष से कम आयु के युवाओं और बच्चों को वैक्सीन नहीं दी गई है इसलिए भविष्य की रणनीति तैयार करने में सीरो सर्वे का परिणाम लाभदायक साबित होगा। देश में कहीं भी इस वर्ग के लिए अभी तक कोई सर्वे नहीं हुआ है। कोरोना की तीसरी लहर की आशंकाओं को देखते हुए इस सर्वे का इस्तेमाल पब्लिक हैल्थ एक्सपट्र्स द्वारा किया जा सकेगा।


ब्लैक फंगस के रोजाना 5 से 6 मामले
पी.जी.आई. डायरैक्टर डॉ. जगत राम ने बताया कि पी.जी.आई. में इस समय 122 कोविड के मामले हैं। इनमें से 17 चंडीगढ़, 66 पंजाब, 25 हरियाणा, 8 हिमाचल प्रदेश और छह मामले अन्य राज्यों के हैं। 7555 सैंपल्स में से पॉजिटिविटी रेट 1.9 प्रतिशत रहा। पिछले दो से तीन दिनों के भीतर ब्लैक फंगस के रोजाना 5 से 6 मामले आ रहे हैं। पहले प्रतिदिन 15 मामले दर्ज किए जा रहे थे। मौजूदा समय में पी.जी.आई. में 36 मरीजों का इलाज चल रहा है।

ashwani

Advertising