50 प्रतिशत क्षमता के साथ सुखना में बोटिंग शुरू, रात 8 बजे तक खुलेंगी दुकानें, नाइट कफ्र्यू रात 11 बजे से

punjabkesari.in Wednesday, Jun 23, 2021 - 12:31 AM (IST)

चंडीगढ़, (विजय गौड़): शहर में कोरोना के नए मामलों की संख्या घटने के बाद एक बार फिर पयर्टकों के लिए सुखना लेक में बोटिंग पर लगाया गया प्रतिबंध भी हटा लिया गया है। यह फैसला मंगलवार को चंडीगढ़ के प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर की अध्यक्षता में हुई वार रूम मीटिंग के दौरान लिया गया। हालांकि अभी केवल 50 प्रतिशत क्षमता के साथ ही लेक पर बोटिंग हो पाएगी। 

 


वहीं, दुकानदारों को थोड़ी और राहत देते हुए प्रशासन ने दुकानों को सुबह 10 से रात 8 बजे तक खोलने की अनुमति भी दे दी है। अभी तक केवल शाम 7 बजे तक ही दुकानें खुल सकती थीं। शहर के सभी रैस्टोरैंट/बार भी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ सुबह 10 से रात 10.30 बजे तक खुले रहेंगे। वहीं, नाइट कफ्र्यू का समय अब रात 11 से सुबह 5 बजे तक कर दिया गया है। विवाह समारोह और दाह संस्कार सहित अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में अब 30 की बजाय 50 लोग एकत्रित हो पाएंगे। शहर के स्पोटर््स कॉम्पलैक्स का भी मैंबर्स इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।


पी.जी.आई. में शुरू हुई वैकल्पिक सर्जरी
मीटिंग के दौरान डॉ. विपिन कौशल ने बताया कि पी.जी.आई. में वैकल्पिक सर्जरी भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ में अब पॉजिटिविटी रेट 1.67 प्रतिशत रह गया है। फिलहाल पी.जी.आई. में 98 कोविड के मामले हैं। जी.एम.सी.एच.-32 की डायरैक्टर प्रिंसीपल डॉ. जसबिंदर कौर ने कहा कि मौजूदा समय में ब्लैक फंगस के 29 सक्रिय मामले हैं। इनमें से दो कोरोना संक्रमित हैं। पी.जी.आई., जी.एम.सी.एच. और जी.एम.एस.एच. में फिजीकल ओ.पी.डी. शुरू हो चुकी है। सभी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि ओ.पी.डी. में मौजूद उन मरीजों के कोविड सैंपल जरूर लिए जाएं, जिन्हें वैक्सीन नहीं लग पाई है।


शहर में नहीं वैक्सीन की कमी
यू.टी. की डायरैक्टर हैल्थ सर्विसिज डॉ. अमनदीप कंग ने जानकारी दी कि शहर का रिकवरी रेट 98.2 प्रतिशत है। अभी तक शहर में वैक्सीन की 4,59,935 डोज दी जा चुकी हैं। सभी सरकारी अस्पतालों और डिस्पैंसरी में 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए वैक्सीनेशन की सुविधा मंगलवार से शुरू कर दी गई है। चंडीगढ़ के पास 40,000 डोज मौजूद हैं जबकि इस महीने के लिए 50,700 डोज और आएंगी। वहीं, जुलाई में भारत सरकार द्वारा 1.5 लाख डोज सरकारी और 50,000 डोज प्राइवेट अस्पतालों के लिए भेजी जाएंगी। इस तरह शहर में वैक्सीन की कोई कमी नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

AJIT DHANKHAR

Recommended News

Related News