ड्रग्स की स्मलिंग में नाईजीरियन की बढ़ी संलिप्तता, अधिकतर दिल्ली से किए गिरफ्तार

Tuesday, Jan 23, 2018 - 11:40 AM (IST)

मोहाली(कुलदीप) : पंजाब में ड्रग्स की तस्करी ज्यादातर नाईजीरियन नागरिक कर रहे हैं। यह कोई हवाई बातें नहीं हैं बल्कि सरकार द्वारा गठित की गई एस.टी.एफ. द्वारा इन नाईजीरियन नागरिकों को नशीले पदार्थों सहित गिरफ्तार करके सच्चाई सामने लाई जा रही है। 

 

वैसे तो कई साल से नाईजीरियन नशीले पदार्थों को सप्लाई करने का गोरख धंधा पंजाब में करते आ रहे हैं जो कभी कभार पकड़े भी जाते रहे हैं लेकिन अब एस.टी.एफ. के हाथ तो जैसे नाईजीरियन नागरिकों की खेप ही लग गई है। 

 

दिल्ली से पंजाब में नशे की सप्लाई कर रहे ये नाईजीरियन अपने देश से भारत में शिक्षा हासिल करने आदि के उद्देश्य से कोई बिजनैस वीजा तो कोई टूरिस्ट वाता पर आते हैं। 

 

भारत में आकर अधिकतर नाईजीरियन अपने देश नहीं जाते और वे यहां आसान तरीके से पैसा कमाने के चक्कर में नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल हो जाते हैं। यह खुलासा दो-तीन वर्षों में पंजाब पुलिस द्वारा पंजाब के अलग-अलग जिलों में नशा तस्करी में गिरफ्तार किए गए नाईजीरियनों से पूछताछ में हुआ है। 

 

स्लीपर सैल की भांति काम करवाते हैं नाईजीरियन :
पुलिस द्वारा एन.डी.पी.एस. एकट तहत दर्ज किए केसों में भले ही पंजाबी लोग भी फंसे हुए हैं लेकिन पुलिस सूत्रों की जानकारी मुताबिक दिल्ली में छुप कर नशीले पदार्थों की स्मगलिंग कर रहे नाईजीरियन पंजाब के नशा तस्करों से स्लीपर सैल की भांति काम करवाते हैं। 

 

मतलब यह कि पंजाब के जो लोग नशा तस्करी में जुटे हुए हैं, अधिकतर केसों में उन्हें यह पता नहीं होता कि वे सप्लाई कहां से ला रहे हैं। एस.टी.एफ. द्वारा दर्ज कुछ केसों में यह बात सामने आ चुकी है कि पंजाब के नशा तस्करों को दिल्ली के बार्डर पर कोई व्यक्ति सप्लाई देकर चला जाता है।

 

अधिकतर दिल्ली से किए गिरफ्तार :
एस.टी.एफ. पुलिस स्टेशन मोहाली में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत दर्ज कुल 24 केसों में से 17 आरोपी नाईजीरियन नागरिक हैं। इनमें से अधिकतर आरोपी नाईजीरियन देश की राजधानी दिल्ली से गिरफ्तार किए हैं। पिछले करीब तीन वर्षों में पंजाब पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी में गिरफ्तार किए गए नाईजीरियन आरोपियों में कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। यह पंजाब के लिए एक चिंता का विषय भी है। 

 

पंजाब के सभी जिलों में पकड़े जा चुके हैं नाईजीरियन :
दिलचस्प बात ये है कि पंजाब में नशे की तस्करी करने के आरोप में पंजाब के लगभग सभी जिलों में नाईजीरियन आरोपी पकड़े जा चुके हैं। हालांकि अब भी गिरफ्तारियां जारी हैं। लोगों का कहना है कि पंजाब में नशे की स्मगलिंग करके युवा पीढ़ी को नशेड़ी बनाने वाले शरारती तत्वों को डिपोर्ट किया जाना चाहिए ताकि पंजाब को नशे की दलदल में धकेलने वालों को सबक सिखाया जा सके। 

Advertising