सैक्टर-48 में करोड़ों की लागत से बनेगा 100 बैड वाला अस्पताल

punjabkesari.in Friday, Oct 14, 2016 - 02:21 PM (IST)

चंडीगढ़(रवि) : पी.जी.आई., जी.एम.एस.एच. सैक्टर-16 और जी.एम.एस.एच. सैक्टर-32 में मरीजों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए जरूरी है प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और नए अस्पतालों का निर्माण जिसके लिए सैक्टर-48 और मलोया में नए अस्पताल बनाने का रास्ता साफ हो गया है। यह कहना है चंडीगढ़ के नवनियुक्त स्वास्थ्य व परिवार कल्याण निदेशक डाक्टर राकेश कुमार कश्यप का। पंजाब हैल्थ डिपार्टमैंट के पूर्व डिप्टी डायरैक्टर डाक्टर कश्यप ने हाल ही में चंडीगढ़ के हैल्थ डायरैक्टर का पदभार संभाला हैं। 

डाक्टर कश्यप ने ‘पंजाब केसरी’ से खास बातचीत में बताया कि उनकी प्राथमिकताओं में मदर एंड चाइल्ड केयर सर्विस व शहर के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की बढ़ रही संख्या को नियंत्रित करना शामिल है जिसके लिए प्राइमरी हैल्थ सैंटर्स में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। डाक्टर कश्यप की मानें तो प्राइमरी हैल्थ सैंटर्स में सुधार होने पर मरीज वहां जाने लगेंगे जिसके बाद डाक्टरों का स्ट्रैस भी काम होगा और उन पर इलाज में लापरवाही के लगने वाले आरोप के मामले भी सामने नहीं आएंगे।  

प्राइमरी हैल्थ पर खर्च होंगे 37 करोड़ रुपए :
ज्यादा से ज्यादा लोगों को कम वक्त पर इलाज मिले यही डाक्टर्स और हमारी प्राथमिकता है। चंडीगढ़ का स्वास्थ्य विभाग इसके लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। डाक्टर कश्यप ने बताया कि वह अस्पतालों में मरीजों के लिए बैड्स की संख्या बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं, वहीं जल्द ही सैक्टर-48 में 100 बैड का हॉस्पिटल बनाने की भी योजना है। वहीं मलोया में 50 बैड और सैक्टर-22 के सिविल अस्पताल में भी बैड की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि सैक्टर-48 के हॉस्पिटल के लिए उन्हें अप्रूवल मिल चुकी है जिस पर करीब 37 करोड़ की लागत आएगी। 

स्ट्रैस होगा कम : 
हॉस्पिटल में बैड्स की संख्या बढऩे और सैक्टर-48 में 100 का हॉस्पिटल बनने से मरीजों को तो फायदा होगा ही। साथ ही शहर के अस्पतालों में मरीजों की तादाद भी कम होगी। डाक्टर कश्यप ने बताया कि सैक्टर-48 में 100 बैड के हॉस्पिटल में मरीजों को सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। 

वीरवार को किया रुटीन चैकअप :
डाक्टर राकेश कुमार कश्यप ने बताया कि उन्होंने 5 अक्तूबर को डायरैक्टर का पदभार संभाला है। अभी फिलहाल वह अधिकारियों के साथ मीटिंग कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और साथ ही वह देख रहें हैं कि किन किन चीजों में सुधार की गुंजाइश है। वीरवार को नए हैल्थ डायरैक्टर ने जी.एम.एस.एच. सैक्टर-16 का औचक निरीक्षण कर अस्पताल के काम काज का जायजा लिया। शहर में बढ़ रहे डेंगू के मामलों पर हैल्थ डायरैक्टर ने कहा कि एंटी मलेरिया विभाग काफी अच्छा काम कर रहा है, वहीं पहले के मुकाबले शहर में अब डेंगू कंट्रोल में हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News