ट्राईसिटी में दिवाली पर 33 घरों में आई लक्ष्मी

Saturday, Oct 21, 2017 - 09:23 AM (IST)

चंडीगढ़/मोहाली/पंचकूला(पाल/आशीष/नियामियां) : दीवाली के दिन घर में लड़की का पैदा होना यानि घर में लक्ष्मी का आना माना जाता है, और इस दिन शहर के 23 घरों में लक्ष्मी का जन्म हुआ है। 

 

पी.जी.आई. में 16 बच्चों का जन्म हुआ जिसमें से 6 लड़कियां व 10 लड़के पैदा हुए हैं। वहीं जी.एम.सी.एच सैक्टर-32 में 13 बच्चे पैदा हुए जिसमें 6 लड़किया व 7 लड़कों ने जन्म लिया। जी.एम.एस.एच. सैक्टर-16 में 27 बच्चों का जन्म हुआ जिसमें 11 लड़कियां व 16 लड़के हैं। सैक्टर-42 के रहने वाले मनोज ने बताया कि उनकी बहन को पहली बेटी हुई है और दिवाली पर होने की वजह से घर में सभी बहुत खुश हैं। 

 

पंचकूला में आठ घरों में आई लक्ष्मी :
दीवाली के कई घरों के लिए दोगुनी खुशी लेकर आई। सैक्टर 6 स्थित सिविल अस्पताल परिसर में दीवाली वाले दिन 15 बच्चों ने जन्म लिया। इनमें 8 लड़कियां और 7 लड़के शामिल हैं। सोनिया कुमार, स्वीटी, शांता भंडारी, रीतू, सीमा, स्वीटी रानी, प्रीती और गुरविंदर को बेटी हुई। 

 

मोहाली में 2 घरों में जन्मी बेटी :
दीवाली के दिन सिविल अस्पताल में सात बच्चों ने जन्म लिया, जिनमें पांच लड़के व दो लड़कियां शामिल हैं। जिन 2 घरों में लड़कियों ने जन्म लिया वह परिवार काफी उत्साहित दिखाई दिया। इस दौरान अस्पताल के एस.एम.ओ. सुरिंदर सिंह ने खुद मदर चाइल्ड केयर सेंटर में जाकर ऐसे परिवार को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि लोगों को लड़के और लड़की में भेदभाव नहीं करना चाहिए। आज लड़कियां हर क्षेत्र में आगे हैं। 

 

जानकारी के मुताबिक फेज-6 स्थित मदर चाइल्ड केयर सैंटर में सात औरतों की डिलीवरी हुई। इनमें से पहली डिलीवरी काजल निवासी छज्जूमाजरा के बेटी हुई। काजल के पति हिमांशु गुप्ता ने बताया कि यह उनकी पहली बेटी है। पूरा परिवार बेटी के आने से उत्साहित है। 
 

Advertising