आज से नेक चंद डे फेस्टिवल शुरू, रॉक गार्डन में नज़र आएंगे नेक चंद
punjabkesari.in Saturday, Dec 12, 2015 - 10:38 AM (IST)

चंडीगढ़। पद्मश्री नेक चंद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चार दिवसीय रॉक गार्डन डे फेस्टिवल का आयोजन शनिवार से हो रहा है। पद्मश्री नेक चंद की मूर्ति रॉक गार्डन में शनिवार लगाई जाएगी। इसके लिए मूर्ति दिल्ली से तैयार कराई गई है। रॉक गार्डन में शुक्रवार को दिन भर सफाई करने के साथ इसे सजाया गया। रॉक गार्डन सोसाइटी और चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से यहां तैयारियां पूरी की जा रही हैं। नेक चंद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में रॉक गार्डन का फेज- 3 एरिया रात 9 बजे तक शहर के लोगों के लिए खोला जाएगा। यहां झोपड़ी भी सजाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है। यह फेस्टिवल 12 से 15 दिसंबर तक चलेगा। इस मूर्ति को यहां पर इसलिए लगाया गया है कि लोगों को रॉक गार्डन के निर्माता नेक चंद के बारे में जानकारी मिल सके। नेक चंद के बेटे अनुज सैनी ने बताया कि रॉक गॉर्डन में उनकी प्रतिमा लगाई जाएगी। जिससे कि उनकेे बारे में यहां आने वाले लोग जान सकें। 12 दिसंबर को 10.30 बजे रॉक गार्डन में पद्मश्री नेक चंद का स्टैच्यू लगाया जाएगा। 11.25 बजे मुंबई के कव्वाल चंचल भारती और फिरोज की प्रस्तुति होगी। 11.30 बजे नेक चंद के बेटे अनुज सैनी की ओर से वेस्ट आर्ट वर्कशॉप का आयोजन होगा। 2.30 बजे ब्रह्मांड म्यूजिक बैंड की प्रस्तुति होगी। 5.00 बजे पंजाबी सूफी गायक मानिक अली प्रस्तुति देंगे।