भाजपा के एक वोट ने अकाली दल के कृष्ण को बनाया नगर काऊंसिल उपप्रधान

Friday, Feb 02, 2018 - 10:00 AM (IST)

नयागांव(मुनीष) : भाजपा के नगर काऊंसिल उप प्रधान चुनाव के बायकॉट के बावजूद एक भाजपा पार्षद के वोट से अकाली पार्षद कृष्ण यादव उप प्रधान बन गए। यही नहीं एक अकाली पार्षद ने भी उनके समर्थन में वोट नहीं दिया। वहीं आम आदमी पार्टी के विधायक कंवर संधू भी चुनाव में नहीं पहुंचे थे।

 

वीरवार को चुनाव एस.डी.एम. अमरनिंद्र कौर की अगुवाई में हुए। पार्षद इकबाल सैणी ने कृष्ण यादव का नाम उप प्रधान पद के लिए प्रस्तावित किया। इस दौरान मौजूद अकाली पार्षदों समेत एक भाजपा पार्षद ने यादव को वोट डाला। वहीं भाजपा, आप व कांग्रेसी पार्षदों ने चुनाव का बायकॉट कर दिया।

 

इन्होंने चुनाव में नहीं लिया भाग :
भाजपा के सुरेंद्र कुमार, बलजीत सिंह, दीप ढिल्लों, श्याम कांसल, आप के गरजा सिंह, मलकीत सिंह, कांग्रेस के कृष्ण बिल्ला, कुलजिंद्र कौर सहित अकाली दल के गुरबचन सिंह की ओर से वोट नहीं डाला गया है।

 

गठजोड़ में गिल ने डाली दरार :
भाजपा पार्षदों का कहना कि हम अकालियों के साथ नहीं चलेंगे। गठजोड़ में हलका अकाली इंचार्ज रणजीत सिंह गिल की ओर से दरार डाली गई है। हमारी पार्टी का उप प्रधान गिल ने नहीं बनने दिया, जबकि कुराली और डेराबस्सी नगर काऊंसिल का प्रधान अकालियों का और उप प्रधान भाजपा का है। नया गांव में यही होना चाहिए था।

 

इन्होंने किया समर्थन :
कृष्ण यादव दूसरी बार नगर काऊंसिल के उप प्रधान बने हैं। उन्हें अकाली पार्षद निशान सिंह, बलजिंद्र कौर, प्यारी देवी, मधु पांडे, इकबाल सिंह सैनी, जगतार सिंह, तरनजीत कौर, वासुदेव, सपना देवी, हरी लाल और भाजपा की मीना देवी ने समर्थन दिया।

Advertising