पेट में चाकू घोंपकर महिला का मर्डर

Thursday, Oct 21, 2021 - 11:30 PM (IST)

चंडीगढ़, (संदीप): हल्लोमाजरा निवासी विनिता के पेट में चाकू घोंपकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। सैक्टर-31 थाना पुलिस ने जांच के आधार पर वहीं दीप काम्प्लैक्स में रहने वाले जतिंदर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सैक्टर-32 अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मृतका के पति रंजीत द्वारा दी गई शिकायत में उसने पत्नी की हत्या का संदेह जतिंदर पर जताया था, जिसके आधार पर ही पुलिस ने जतिंदर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज उसे गिरफ्तार किया है।  


बेटा स्कूल से घर पहुंचा तो घटना का पता चला
जानकारी के अनुसार विनिता का पति मोहाली स्थित एक फैक्टरी में काम करता है और उसका बेटा 5वीं कक्षा में पढ़ता है। सुबह के समय प्रत्युश स्कूल तो उसका पिता फैक्टरी में चला गया था। दोपहर के समय जब प्रत्युश घर लौटा तो उसने देखा कि दरवाजा खुला है और अंदर उसकी मां पलंग पर खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई है। यह देखकर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही आसपास के लोग उनके घर पहुंचे। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विनिता को सैक्टर-32 अस्पताल पहुचाया, यहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

सैक्टर-31 थाना के अतिरिक्त प्रभारी केहर सिंह ने फॉरैंसिक टीम के साथ घटनास्थल से नमूने एकत्र किए। जानकारी के अनुसार जिस समय प्रत्युश कमरे में पहुंचा तो उसने देखा कि उसकी मां के पेट से खून बह रहा था। उसके पेट सहित शरीर के अन्य भागों पर तेजधार हथियार से कई वार किए गए थे। पुलिस को घटनास्थल से वह चाकू भी बरामद हुआ, जिससे विनिता पर वार कर उसे मौत के घाट उतार गया था।  

 


पति की गैरमौजूदगी में आरोपी आता था विनिता के पास 
पुलिस ने जब इस विषय में आसपास के लोगों से पूछताछ की तो सामने आया कि जतिंदर अकसर विनिता से मिलने तब घर आता था, जब उसका पति घर पर नहीं होता था। वहीं पुलिस ने जब इस विषय में विनिता के पति से पूछताछ की तो उसने बताया कि पिछले कुछ समय से जतिंदर उसकी पत्नी को लगातार फोन पर परेशान कर रहा था। 
 

Vikash thakur

Advertising