युवक के कत्ल का मामला : पुलिस पर जमकर फूटा गुस्सा, लोगों ने चार घंटे तक लगाया जाम

punjabkesari.in Friday, Dec 15, 2017 - 09:30 AM (IST)

पंचकूला(मुकेश) : पंचकूला के एम.डी.सी. स्थित पुलिस कमिश्नर दफ्तर से चंद कदम दूर बुधवार रात युवक के कत्ल मामले में वीरवार सुबह तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए परिजन और गांववालों ने मिलकर एम.डी.सी. टी-प्वाइंट पर जाम लगा दिया। मामले की गंभीरता के मद्देनजर डी.सी.पी. मनवीर सिंह मौके पर पहुंचे। करीब चार घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस फोर्स वहां पर तैनात दिखाई दी। 

 

पुलिस ने सिंह द्वार और मनीमाजरा की तरफ से आने वाले रास्ते पर बैरिकेट्स लगाकर बंद कर दिया और ट्रैफिक को डायवर्ट कर दूसरे रास्ते से निकाला गया। इसकी वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि शाम तक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिसके बाद जाम खुल सका। 

 

वहीं, दूसरी तरफ पुलिस ने मामले में गांधी कालोनी में रहने वाले दो नाबालिग लड़कों को गिरफ्तार लिया। दोनों का रात को सैक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल में मैडीकल भी करवाया गया। 

 

डी.सी.पी. के आश्वासन पर खोला जाम :
हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उप प्रधान रंजीता मेहता ने कहा है कि पंचकूला में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा रही है। मनसादेवी थाना क्षेत्र के अधीन आए दिन कोई ना कोई हत्या, लूट,चोरी, डकैती की घटनाएं हो रही हैं। पुलिस की सही गश्त ना होने के चलते अब तक पिछले एक साल में 5 लोगों की हत्या हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है। 

 

रंजीता मेहता वीरवार को मनसा देवी अंडरब्रिज के पास लोगों द्वारा लगाए गए जाम को समर्थन देने पहुंची थी। उन्होंने कहा कि पुलिस की नाकामी के कारण ही बुधवार शाम को एक युवक की हत्या कर दी गई। यदि पुलिस की सही गश्त होती, तो इस घटना को अंजाम नहीं दिया जा सकता था। उन्होंने कहा कि पुलिस को नियमित तौर पर गश्त करनी चाहिए, ताकि अपराधिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके। 

 

इस दौरान जाम खुलवाने पहुंचे पंचकूला के डी.सी.पी. मनवीर सिंह ने रंजीता मेहता एवं अन्य लोगों को आश्वासन दिया कि परिवार के साथ पूरा न्याय किया जाएगा और अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। डी.सी.पी. के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोल दिया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News