कहा-मेरी गलफ्रैंड से शादी क्यों की और तीसरी मंजिल से दे दिया धक्का

Thursday, Jun 15, 2017 - 07:51 AM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील): रामदरबार में प्रेमी ने प्रेमिका के पति के सिर पर बेसबॉल के बैट से हमला कर और तीसरी मंजिल से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार 10 जून को मृतक उदयवीर के पिता का देहांत हो गया था। 13 जून को वह भाईयों के साथ हरिद्वार में अस्थियां विसर्जित करने गया था कि रात को घर लौटा तो देखा कि उसकी पत्नी प्रेमी सतनाम सिंह के साथ थी। 

 

उदयवीर को देखकर सतनाम ने भागने की कोशिश की और घर के छत पर पहुंच गया। यहां उदयवीर ने उसे दबोच लिया तो सतनाम ने उसके सिर पर बेसबॉल के बैट से वार कर दिया और तीसरी मंजिल से धक्का देकर फरार हो गया। चिल्लाने की आवाज सुनकर घायल के भाई उसे जी.एम.सी.एच.-32 लेकर गए, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक ऑटो चलाता था। 


 

शादी के पहले से थे संबंध
सूत्रों से पता चला है कि मृतक की पत्नी और आरोपी सतनाम सिंह के शादी से पहले संबंध थे। सैक्टर-31 थाना पुलिस ने मृतक के भाई दुर्गापाल की शिकायत पर उदयवीर की हत्या करने वाले बलहाना निवासी सतनाम सिंह के खिलाफ मामला दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया। दुर्गापाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब उदयवीर और सतनाम में लड़ाई हो रही थी तो सतनाम ने उदयवीर पर बेसबॉल के बैट से वार करते हुए कहा कि उसने उसकी गलफै्रंड से शादी क्यों कर ली। इसलिए वह उसे जान से मारकर ही दम लेगा। उदयवीर की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी।  

 

आरोपी पर दर्ज हैं 7 केस, जमानत पर चल रहा 
आरोपी सतनाम पर चोरी व अन्य धाराओं के तहत जीरकपुर समेत चंडीगढ़ में 7 केस दर्ज हैं। आरोपी कुछ ही दिन पहले जमानत पर रिहा होकर आया था। 

 

मृतक की पत्नी का फोन चोरी कर पुलिस को दी थी झूठी सूचना
सतनाम 18 मार्च को पुलिस कंट्रोल रूम पर सैक्टर-17 प्लाजा में बम होने की पुलिस को झूठी कॉल करने के आरोप में गिरफ्तार हो चुका है। सूचना मिलने पर मौके पर बम स्क्वायड समेत थाना पुलिस ने सैक्टर-17 प्लाजा पर सर्च ऑप्रेशन चलाया था, लेकिन पुलिस को बम नहीं मिला था। पुलिस ने पाया कि सूचना देने वाला तो पुरूष था, लेकिन नंबर रामदरबार की रहने वाली किसी महिला के नाम पर रजिस्टर है। 

 

सूत्रों की मानें तो यह महिला कोई और नहीं मृतक की पत्नी थी। रामदरबार में रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया था कि उसका मोबाइल बीते दिनों बहलाना का रहने वाला सतनाम चोरी कर ले गया था, जिसके बाद से आरोपी उसे भी फोन पर परेशान करता रहता है। इसके बाद सैक्टर-3 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  केस दर्ज किया था। 


 

Advertising