कचरे से निकलने वाली गैस से नगर निगम कर्मी बेहोश

punjabkesari.in Friday, Aug 23, 2019 - 12:17 PM (IST)

चंडीगढ़  (राय) : डड्डूमाजरा में जय प्रकाश एसोसिएट्स द्वारा स्थापित गारबेज प्रोसैसिंग प्लांट में सफाई के दौरान नगर निगम के एक 32 वर्षीय सफाई कर्मचारी की जान पर बन आई। वीरवार को सफाई करते समय कचरे से निकलने वाली जहरीली मीथेन गैस से हल्लोमाजरा निवासी विनोद कुमार बेहोश हो गया। 

 

उसके साथी उसे तुरंत सैक्टर-16 अस्पताल ले गए। वहां उसे एमरजैंसी में भर्ती किया गया है। उसकी आंखों पर गैस का असर हुआ है और सांस लेने में भी दिक्कतहो रही है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। निगम के सफाई कर्मचारी यूनियन के नेताओं का कहना था कि निगम पहले तो अपने कर्मियों को किसी निजी कंपनी का काम करने भेज ही नहीं सकता। जिन लोगों को भेजा गया उन्हें सुरक्षा के कोई उपकरण, मास्क, गमबूट आदि नहीं दिए गए।

 

ठेके पर रखे 24 सफाई कर्मियों को भेज दिया काम पर
हालांकि निगम प्रबंधकों के साथ कानूनी लड़ाई में उलझा है, फिर भी उस पर मेहरबानियां कम नहीं होती। सूत्रों के अनुसार प्लांट के भीतर की सफाई में प्रबंधकों की सहायता के लिए निगम के एम.ओ.एच. विंग से ठेके पर रखे 24 सफाई कर्मियों को भेज दिया गया। 

 

निगम के एम.ओ.एच. डा. अमृतपाल का कहना था कि निगम ने हाईकोर्ट के आदेश पर प्लांट के भीतर कचरा अलग करने के लिए अपने आऊटसोर्स कर्मचारी भेजे थे। इसकी एवज में प्लांट प्रबंधकों को निगम को 5.50 लाख रुपए देने हैं। यह लोग प्लांट की सफाई नहीं कर रहे थे, केवल कचरा अलग कर रहे थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja verma

Related News