नगर निगम ने फायर कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए खरीदे 15 प्रोक्सिमिटी सूट

Monday, Feb 11, 2019 - 12:56 PM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र): चंडीगढ़ नगर निगम ने फायर कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए फायर प्रोक्सिमिटी सूट खरीद लिए हैं। निगम ने फिलहाल 28 सूट और कुछ हैल्मेट खरीदे हैं। इसके बाद निगम द्वारा विभाग के लिए अन्य उपकरण भी खरीदे जाएंगे। आग पर काबू पाने के समय फायर कर्मचारियों के लिए ये सूट पहनना जरूरी होता है। पहले निगम के पास ये सूट कम थे।

निगम के पास 15 फायर प्रोक्सिमिटी सूट थे, जबकि उसे 45 के सूट की जरूरत थी। निगम ने ये 28 सूट खरीदे हैं। इस संबंध में नगर निगम के एडीशनल कमिश्नर अनिल कुमार गर्ग ने बताया कि उन्होंने 28 सूट खरीदने का प्रस्ताव तैयार किया था और कंपनी ने इन सूट की डिलीवरी कर दी है। उन्होंने कहा कि इस बार 26 जनवरी के कार्यक्रम में झांकी के दौरान कर्मचारियों ने ये सूट पहनकर भी दिखाए थे। उन्होंने कहा कि इससे फायर आपदाओं के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा और पुख्ता होगी।

सूट खरीदने पर आया 21 लाख का खर्च
निगम के इन फायर प्रोक्सिमिटी सूट को खरीदने पर 21 लाख रुपए के करीब खर्च आया है। एक सूट की कीमत 75 हजार के करीब है। निगम ने पिछले वर्ष ही इन सूट को खरीदने की हरी झंडी दी थी, लेकिन फंड की कमी होने के चलते निगम के ये सभी प्रस्ताव लटक गए थे। अब प्रशासन से निगम को उचित फंड मिलने के बाद ही निगम ये सूट खरीदने में सफल हुआ है। 

अभी फिलहाल शहर में सात के करीब फायर स्टेशन हैं, जिसमें सैक्टर-11, 17, 32, 38, मनीमाजरा, इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-1 और इंडस्ट्रीयल फेज-2 का फायर स्टेशन शामिल है। प्रत्येक फायर स्टेशन पर इससे पहले 2-2 सूट थे, जबकि एक स्टेशन पर कम से कम 6 सूट होने जरूरी थे। इसके अलावा निगम की शहर में दो और फायर स्टेशन बनाने की योजना भी है। यही कारण है कि आगे निगम को और सूट की जरूरत होने वाली है।

आग बुझाते हुए झुलस गए थे फायर कर्मी
वर्ष 2008 में सैक्टर-22 स्थित दुग्गल हौम्यो स्टोर में भीषण आग लग गई थी। इस दौरान आग पर काबू पाते हुए चार फायर कर्मी झुलस गए थे। इसके बाद ही ये मामला उठा था कि फायर कर्मियों के लिए फायर प्रोक्सिमिटी सूट जरूरी हैं और जो फायर कर्मी सबसे आगे फायर पर काबू पाने के लिए जाता है, उसको हर हालत में ये सूट पहनकर काम शुरू करना चाहिए। इसी तरह ऐसे ही शहर में कई और फायर हादसे हो चुके हैं, जिसमें कि फायर कर्मियों को अपनी जान तक गवानी पड़ी। जिसके बाद ही निगम ने फैसला लिया था कि फायर कर्मियों की सुरक्षा के लिए ऐसे और सूट खरीदे जाएंगे। 

bhavita joshi

Advertising