गुरुद्वारे से लौट रहे शख्स को मारी गोली, हालत गंभीर

Sunday, Oct 25, 2020 - 07:33 PM (IST)

चंडीगढ़,  (सुशील राज): बेखौफ अपराधी चंडीगढ़ में एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। चंडीगढ़ पुलिस न तो इन्हें पकड़ पा रही है और न ही वारदात रोकने में कामयाब हो रही है। रविवार को शहर के बीचोंबीच स्थित सैक्टर-22 में फायरिंग की वारदात हुई। सैक्टर-22 में गुरुदारे से माथा टेक कर घर लौट रहे पंजाब के फूड एंड सप्लाई डिपार्टमैंट के कर्मचारी को रविवार सुबह नकाबपोश युवक गोली मारकर फरार हो गया। गोली व्यक्ति की जांघ में लगी। पुलिस ने घायल को सैक्टर-16 अस्पताल में दाखिल करवाया। घायल की पहचान सैक्टर-22 निवासी अमरीक सिंह के रूप में हुई। सैक्टर-17 थाना पुलिस को मौके से गोली का एक खोल बरामद हुआ है। पुलिस गोली चलाने वाले की तलाश करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाल रही है।

 


दाहिनी जांघ में लगी गोली
घायल अमरीक सिंह ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह 6 बजे सैक्टर-22डी स्थित गुरुद्वारे में माथा टेकने गए थे। गुरुद्वारे से वापस घर लौट रहे थे तो सोसायटी के गेट के पास अचानक कैप और मास्क पहने आए एक युवक ने उन पर गोली चला दी। गोली उनकी दाहिनी जांघ में लगी। आरोपी ने दूसरी गोली चलाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने शोर मचाया तो वह फरार हो गया। गोली चलने की सूचना मिलते ही डी.एस.पी. कृष्ण कुमार और सैक्टर-17 थाना प्रभारी राम रत्न शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच के लिए फॉरैंसिक टीम को बुलाया। टीम को मौके से 32 बोर का खोल बरामद हुआ। पुलिस की जांच में सोसायटी के गेट के पास एक खाली खोल और एक कारतूस बरामद हुआ है। खोल प्वाइंट 32 बोर पिस्टल की लग रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच होने तक कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती। 
कहीं सैंपल को लेकर तो नहीं हुई वारदात ?
इस गोलीकांड के बाद सोसायटी के लोग एकत्रित हो गए। लोगों में चर्चा है कि अमरीक सिंह पंजाब के फूड एंड एंड सप्लाई ड्रग सैंपल विंग में तैनात हैं। किसी सैंपल को फेल करने की बात को लेकर ही किसी ने रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस भी इस एंगल पर जांच कर रही है। 

शहर में गोली चलने की ये वारदातें हुई 

  • इंडस्ट्रीयल एरिया के क्लब के बाहर सोपू पार्टी के नेता गुरलाल बराड़ को बंबीहा गैंग के सदस्य नीरज चस्का और मनी गोली मारकर फरार हो गए थे।
  • सैक्टर-9 स्थित डिस्को के अंदर लुधियाना निवासी सागर समेत चार युवक टिकटॉक स्टार को गोली मारकर फरार हो गए थे। 
  • सैक्टर-25 निवासी शराब कारोबारी संदीप को विजय और मोनू गोली मारकर फरार हो गए थे। संदीप ने सैक्टर-24 चौकी इंचार्ज शिव चरण पर गोली चलवाने आरोप लगवाया था।

 

AJIT DHANKHAR

Advertising