आज दोपहर तक उठ जाएगा पर्दा-कौन होगा चंडीगढ़ का सांसद?

punjabkesari.in Thursday, May 23, 2019 - 08:19 AM (IST)

चंडीगढ़(राय) : चंडीगढ़ की एकमात्र लोकसभा सीट पर 19 मई को हुए मतदान के परिणाम की तस्वीर वीरवार दोपहर तक साफ हो जाएगी। यहां 36 उम्मीदवार मैदान में हैं और कांग्रेस प्रत्याशी पवन बंसल और भाजपा प्रत्याशी किरण खेर में मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। आप उम्मीदवार हरमोहन धवन भी रेस में हैं। तीनों ही खेमों में बेसब्री और बेचैनी अवश्य दिखाई दे रही है। 

स्ट्रांग रूमों को बुधवार सुबह 7 बजे उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला जाएगा। मतगणना सैक्टर-26 के चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ  इंजीनियरिंग एंड टैक्नोलॉजी (सी.सी.ई.टी.) में होगी। मतगणना प्रक्रिया के दौरान  पूरा सी.सी.ई.टी. परिसर सी.सी.टी.वी. कैमरों की निगरानी में रहेगा। ई.टी.पी.बी.एस. के लिए प्री-काऊंटिंग और डाक मतपत्रों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू होगी। तत्पश्चात लगभग 8.30 बजे ई.वी.एम. में मतों की गिनती मुख्य हॉल और अतिरिक्त हॉल में शुरू की जाएगी।

इस बार बाहर ही करना होगा इंतजार :
मतगणना के लिए लगे 42 टेबलों पर किस-किस की ड्यूटी होगी, यह तय कर लिया गया। प्रत्येक टेबल पर तीन कर्मचारी रहेंगे। इस बार मतगणना के दौरान कर्मचारी मोबाइल फोन नहीं ले जा पाएंगे। अत: बीच-बीच में मतगणना केंद्रों के बाहर जो सूचनाएं पहले मिलती थी, वह अब नहीं मिलेंगी। 

अब प्रत्येक राऊंड के बाद जो केंद्र के भीतर से सूचना अधिकारिक रूप से मिलेगी उसी की प्रतीक्षा राजनीतिक दलों के कार्यकत्र्ताओं को करनी होगी। चुनाव विभाग द्वारा मतगणना के लिए 130 लोगों को आज प्रशिक्षण भी दिया गया।

भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी के सैक्टरों में वोटिंग पहले से ज्यादा
इस बार भाजपा प्रत्याशी किरण खेर व कांग्रेस प्रत्याशी पवन बंसल के अपने सैक्टरों में वर्ष 2014 की अपेक्षा अधिक मत पड़े हैं। बंसल के रिहायशी सैक्टर-28 के उनके बूथ पर इस बार 890 वोटें पड़ी हैं जबकि पिछले चुनाव में इस बूथ पर 725 वोट पड़े थे। किरण खेर के सैक्टर-7 के बूथ पर इस बार 934 वोट पड़े हैं जबकि वर्ष 2014 के चुनाव में इस बूथ पर 790 वोट पड़े थे।

ऑब्जर्वर ने उम्मीदवारों के साथ की बैठक :
चंडीगढ़ लोकसभा सीट की जनरल ऑब्जर्वर मोनिमाला फुकन बोरठाकुर और मतगणना प्रेक्षक नागेंद्र प्रताप ने चंडीगढ़ प्रशासन के चुनाव अधिकारियों की उपस्थिति में चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवारों के साथ बैठक की। 

चंडीगढ़ के रिटर्निंग ऑफिसर एवं जिला मैजिस्ट्रेट मनदीप सिंह बराड़ ने बैठक में उपस्थित सभी लोगों को 19 मई को मतदान के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए बधाई दी। उम्मीदवारों और उनके पार्टी के प्रतिनिधियों को कल, 23 मई को होने वाली मतगणना प्रक्रिया के बारे में  सूचित किया गया।

ये हैं नोडल अधिकारी :
मतगणना प्रक्रिया की निगरानी तीन ए.आर.ओ., अर्जुन शर्मा, अनिल गर्ग और उमा शंकर, रिटॄनग ऑफिसर एवं जिला मैजिस्ट्रेट मनदीप सिंह बराड की निगरानी में होगी। 

अतिरिक्त उपायुक्त सचिन राणा और एस.आई.ओ. एन.आई.सी. विवेक वर्मा को डेटा संकलन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। मनीष लोहान को ई.टी.पी.बी.एस. के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। विराट को  पोस्टल बैलेट और सुधांशु गौतम को मीडिया के लिए नोडल ऑफिसर तैनात किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News