सांसद खेर व मेयर दें इस्तीफा: कांग्रेस

Friday, Nov 24, 2017 - 11:53 PM (IST)

चंडीगढ़, (राय): चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया सेल द्वारा चंडीगढ़ में ऑटो चालकों द्वारा गैंगरेप की घटना को अंजाम देने के विरोध में आज सैक्टर-17 के प्लाजा में कैंडल मार्च निकाला और भाजपा की सांसद किरण खेर, मेयर आशा जायसवाल व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस कैंडल मार्च में पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने शहर में बिगड़ रही कानून व्यवस्था पर चिंता जाहिर की।

भाजपा का बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान सिर्फ नारे तक ही सीमित है। सबसे अहम आज महिलाओं की सुरक्षा करेंगे तो ही उनको बचा पाएंगे और पढ़ा सकेंगे। आज पूरे देश विशेषकर भाजपा शासित प्रदेशों में महिलाओ के साथ छेड़छाड़ व बलात्कार जैसी घटनाएं आम बात हो गई हैं।

बंसल ने कहा कि सोनिया गांधी लगातार प्रयास कर रही है कि महिलाओं को लोकसभा, विधानसभा में 50 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए। वहां मौजूद प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा शासित प्रशासन हर मोर्चे में नाकाम साबित हुआ है, आए दिन चंडीगढ़ में लड़कियों के साथ छेड़छाड़, किडनैपिंग की कोशिश के साथ बढ़ती रेप की घटनाओं पर रोष जताते हुए कहा कि ये सरकार व प्रशासन की असंवेदनशीलता का प्रमाण है।

चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर व मेयर आशा जायसवाल को इस नाकामी पर इस्तीफा देना चाहिए। चंडीगढ़ की महिलाओं का इस नाकारा नेताओं व प्रशासन पर से भरोसा उठ गया है। चंडीगढ़ में हजारों ऑटो रिक्शा टेम्प्रेरी नंबर, बिना परमिशन व परमिट के बेखौफ पंचकूला व मोहाली से एंट्री करते है। चंडीगढ़ का स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी व ट्रैफिक पुलिस आंखें बंद करके उन्हें आजाद घूमने दे रही है। आज अगर सभी ट्रैफिक लाइटों पर सी.सी.टी.वी. कैमरे लगे होते या फिर सुचारु रूप से चल रहे होते और सड़कों पर लाइटें ढंग से चल रही होती तो ये आरोपी बेखौफ इस घटना को अंजाम ना दे पाते। सचिव व को-आर्डीनेटर यादविंद्र मेहता ने कहा कि शहर की सांसद महिला, मेयर महिला और अब एस.एस.पी. भी महिला फिर भी ऐसी घटना का होना बहुत ही चिंता का विषय है।

 

Advertising