बैंक ने नक्शे की प्रमाणिकता उठाये सवाल... जाली रसीद काटकर पैसे हड़पने का मामला

Thursday, Oct 12, 2017 - 08:13 PM (IST)

नयागांव (मुनीष): नगर काउंसिल की जाली रसीद काटकर पैसे हड़पने वाले गुरसेवक सिंह (गुरु नानक आर्किटैक्ट) के खिलाफ शिकायतें मिलने का दौर थम नहीं रहा है। इस बार चंडीगढ़ के रहने वाले अनिल ने एस.डी.ओ. ज्वाहर सागर को लिखित शिकायत दी है। नयागांव के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (ई.ओ.) के नाम लिखी शिकायत में अनिल ने बताया कि उनका शिवालिक विहार में लगभग पांच मरले का प्लाट है। यह प्लाट उनकी मां सुनीता के नाम पर है। अगस्त, 2017 में उन्होंने एच.डी.एफ.सी. बैंक में होम लोन के लिए एप्लाई किया था। 

 

इसके बाद बैंक ने उनसे नक्शे की मंजूरी के संबंध में दस्तावेज की मांग की। इसके लिए गुरसेवक सिंह (गुरु नानक आर्किटैक्ट) ने उनसे 1 लाख रुपए की मांग की। उन्होंने 60 हजार रुपए गुरसेवक को दे दिए और बाकी राशि की अदायगी ऋण मिलने के बाद की जानी थी। अब बैंक ने नक्शा की प्रमाणिकता पर सवाल उठा दिए हैं। उन्होंने ई.ओ. नयागांव से स्वीकृत नक्शे की मूल कॉपी की मांग की है। उन्होंने यह भी बताया कि गुरसेवक को कुछ राशि चैक के जरिये और कुछ नकद दी गई थी। बाकी राशि अभी बकाया है।

 

पुलिस को लिखा जाएगा: एस.डी.ओ.
एस.डी.ओ. का कहना है कि उपरोक्त मामले में गुरसेवक की ओर से जारी की गई रसीद जाली है। अनिल की शिकायत मिली है और इस बारे में कार्रवाई जारी है तथा कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को लिखा जाएगा।

 

बैंक ने की नगर काउंसिल अधिकारियों के साथ मीटिंग
इस मामले के बाद एच.डी.एफ.सी. बैंक के अधिकारियों ने नगर काउंसिल के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंन मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच को लेकर कहा। बैंक के अधिकारियों का कहना है कि लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं और यही कारण है कि वे अब नयागांव में निर्माण संबंधी लोन केस मंजूर नहीं करेंगे। इस दौरान एस.डी.ओ. ज्वाहर सागर और नगर पार्षद सुरेंद्र भी उपस्थित थे।

Advertising