मर्दों को रात के समय घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए: किरण खेर

Thursday, Aug 17, 2017 - 09:21 PM (IST)

चंडीगढ़, (राय): शहर में युवतियों से छेड़छाड़ एवं रेप की बढ़ती घटनाओं पर सांसद किरण खेर ने कहा कि शहर में आदमियों की माइंड-सैट की प्रॉब्लम है और यही सारी समस्या ही मर्दों की वजह से है। उन्होंने कहा कि मर्दों को रात के समय घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। शहर में अब दिनदिहाड़े स्कूली बच्चियों से रेप होने की घटनाएं सामने आने के सवाल पर किरण ने कहा कि इस मामले में प्रशासन के उच्चाधिकारियों की ओर से कार्रवाई की जा रही है।

 नगर सांसद ने यह बात सैक्टर-49 में सिविल डिस्पैंसरी में पी.जी.आई. के चिकित्सकों की मदद से मरीजों के लिए शुरू करने के बाद पत्रकारों से कही। दस साल की नाबालिगा का प्रसव होने के मामले पर सांसद ने कहा कि मीडिया इस मामले को ज्यादा तूल न दें, क्योंकि बच्ची स्कूल जाने से डरने लगी है। उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ते अपराधों पर नकेल डालने के लिए पुलिस प्रशासन को सख्त कदम उठाने को कहा है।

वहीं सांसद ने कहा कि उक्त सिविल डिस्पैंसरी जो निगम के अधीन आती है, का शुभारंभ नवम्बर 2016 में अरुण सूद के मेयर होने के कार्यकाल में किया गया था, लेकिन चिकित्सकों की समय पर नियुक्ति न होने से यह बंद थी और इसे अब पी.जी.आई. के साथ एम.ओ.यू. साइन कर इस सैक्टर के साथ सैक्टर-48, 50, 51 के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

 उन्होंने बताया कि यहां पी.जी.आई. के तीन चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसमें गर्भवती महिलाओं की जांच के साथ डॉग बाइट की वैक्सीन भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा यहां बच्चों के रोग के साथ मैडीकल ओ.पी.डी. में हर प्रकार के रोग की जांच के टैस्ट की सुविधा व दवाएं नि:शुल्क प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पी.जी.आई. के चिकित्सकों की ओर से मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करने से अब मरीजों को जी.एम.एस.एच.-16 व जी.एम.सी.एच.-32 में जाने से निजात मिलेगी।

 इस सिविल डिस्पैंसरी में माइनर ओ.टी. को भी बनाया गया है, ताकि छोटे-मोटे केस यहीं किए जा सकें। बच्चों का टीकाकरण व परिवार नियोजन की सेवाएं भी प्रदान होंगी। उन्होंने निगम के आयुक्त बी. पुरुषार्थ व वार्ड पार्षद हीरा नेगी के प्रयासों को सराहा। वार्ड पार्षद हीरा नेगी ने कहा कि यहां डॉट्स, मलेरिया, डेंगू के टैस्ट फ्री होंगे।

 इस अवसर पर नगर निगम के अधिकतर पार्षदों के साथ विपक्ष के नेता दविंद्र सिंह बबला भी मौजूद थे। पहले दिन इस सिविल डिस्पैंसरी के शुरू होने पर सैक्टर-49 की ई.डब्ल्यू.एस. कालोनी के निवासियों के साथ सोसायटी के लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने के लिए आए।

डिस्पैंसरी को शुरू करने पर वार्ड पार्षद हीरा नेगी ने अपना रक्तचाप की जांच करवाई जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा पाया गया। इस पर नगर सांसद को भी बी.पी. जांच करवाने के लिए कहा तो सांसद न सीधे ही न कर दी।

Advertising