Municipal Corporation: विवादों के बावजूद फिर स्टडी टूर की तैयारी
punjabkesari.in Monday, Apr 17, 2017 - 07:15 PM (IST)

चंडीगढ़ : हर बार विवादों में रहने वाले नगर निगम के स्टडी टूरों से निगम ने कोई सबक नहीं लिया है और अब फिर एक बार नगर निगम के पार्षद व अधिकारी स्टडी टूर पर जाने के कार्यक्रम बना लिए है। सोमवार को पार्षद पुणे और मुंबई के अलग-अलग स्टडी टूर पर जा रहे हैं। इन दोनों टूर में 9-9 पार्षदों का समूह जा रहा है। जबकि 18 अप्रैल को 9 पार्षदों का एक और टूर विशाखापटनम जा रहा है। भाजपा के कार्यकाल में पहली बार पार्षद स्टडी टूर पर जा रहे हैं।
लोगों का कहना है कि स्टडी टूर पर जाने का फायदा तो तब है, जब शहर को उसका कोई फायदा भी मिले। ऐसे घूमना फिरना तो ठीक नहीं है। मेयर आशा जसवाल का कहना है कि इस बार सभी तीनों स्टडी टूरों का शहर को फायदा मिलेगा। रिपोर्ट को भी लागू करवाया जाएगा।
वर्ष 2004 से 2011 तक 20 दौरे :
लेखा विभाग ने सदन में पेश करने के लिए जो रिपोर्ट तैयार की थी उसके अनुसार वर्ष 2004 से नगर निगम द्वारा वर्ष 2011 तक 20 अध्ययन दौरों का आयोजन किया जा चुका है। इस दौरान पार्षद विदेश का दौरा भी कर आए थे। 2011 में कोयम्बटूर के दौरा आज तक का सबसे मंहगा दौरा रहा। इसके लिए सरकारी खजाने को 16,39,700 रुपए खर्च किए गए थे। वर्ष 2010 में निगम पार्षद व अधिकारी सिक्किम भी गए। उस 16,07,791 रुपए खर्च किए गए।
इस दौरे पर 14 पार्षद व दो अधिकारी गए थे। वर्ष 2007 में सिंगापुर और बैंकॉक के लिए 15 पार्षद गए थे। मुख्य लेखा अधिकारी द्वारा तैयार रिपोर्ट के अनुसार इस दौरे 15,10,560 रुपए व्यय किए गए थे। इस वर्ष निगम ने अध्ययन दौरों पर ही 58,07,023 रुपए खर्च कर डाले। विदेश के दौरे पर 15 पार्षद गए थे। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2011 में निगम पार्षदों द्वारा 3 स्टडी टूरों का आयोजन किया गया व इन पर 38,49,188 रुपए खर्च किए गए। 16,39,700 बेंगलूर और कोयम्बटूर के दौरे पर खर्च किए गए। 22,09,488 रुपए चेन्नई, पांडिचेरी, मदुरै और कोयंबटूर के दौरे पर खर्च किए गए।
क्या कहती है रिपोर्ट :
रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2013 में 7,51,108 रुपए जामनगर, सोमनाथ, जूनागढ़, गिर, भावानगर, द्वारका व दियू के दौरे पर खर्च हुए। वर्ष 2012 में निगम ने स्टडी टूरों का आयोजन नहीं किया। इसके बाद वर्ष 2014 में चेन्नई, कोलकत्ता व पोर्टब्लेयर के दौरे पर लगभग 25 लाख रुपए खर्च हुए। इस यात्रा के दौरान जो पार्षद अपने परिवार के सदस्यों को साथ लेकर गए थे उनके वेतन से 9-9,000 रुपए काटे गए जिसके बाद हंगामा खड़ा हो गया।
रिपोर्ट के अनुसार पूर्व मेयर पूनम शर्मा द्वारा किए गए। स्पेन के दौरे पर निगम ने 2.85 लाख रुपए खर्च किए। पूनम शर्मा ने इस दौरान बार्सिलोना में एक सम्मेलन में भाग लिया था। पूर्व मेयर अरुण सूद भी मेयर रहते हुए देश, विदेश के दौरे कर के आए व इन दिनों मेयर आशा जसवाल भी चेन्नई के दौरे पर हैं।
1.53 करोड़ रुपए किए जा चुके खर्च :
आंकड़ों के अनुसार पार्षदों व अधिकारियों के अध्ययन दौरों 1.53 करोड़ रुपए खर्च कर चुका है। अधिकांश दौरों के विवादों में रहने के बावजूद भी वर्ष 2017-18 के वित्त वर्ष के बजट में स्टडी टूरों के लिए 30 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। वर्ष 2016-17 के बजट में 50 लाख रुपए का प्रावधान किया गया था पर विवादों के चलते गत दिसम्बर माह में तो कांग्रेस ने स्टडी टूरों का बहिष्कार ही कर दिया था।