शगुन इटली में दिखाएगी मार्शल आर्ट के जौहर, कैम्प में जल्द शुरू करेंगी प्रैक्टिस

Monday, Mar 18, 2019 - 12:51 PM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : एस.डी. कालेज-32 की बी.ए. द्वितिय वर्ष की छात्रा शगुन का चयन इटली में होने वाली वर्ल्ड यूनिवर्सिटी ताइक्वांडो चैम्पियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता मई के अंतिम सप्ताह में होगी। पी.यू. के ताइक्वांडो कोच देविंद्र सिंह ने बताया कि शगुन ने हाल ही में एम.डी.यू. रोहतक यूनिवर्सिटी  में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में 53 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया था।

इसके आधार पर ही शगुन का चयन टीम में किया गया है। कोच  ने बताया कि चुने गए खिलाडिय़ों का कैंप कब से लगेगा, अभी इसकी डेट तय नहीं हुई है। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैम्पियनशिप में तकरीबन 250 से अधिक खिलाडिय़ों ने भारत के अलग-अलग यूनिवर्सिटी से भाग लिया था। शगुन के कोच का कहना है कि उम्मीद है शगुन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी में भी पदक जीतने में सफल होगी। 

2009 में शुरू किया था खेलना :
शगुन ने बातचीत के दौरान बताया कि अभी तक 50 से अधिक पदक जीत चुकी हूं। ताइक्वांडो खेल की शुरूआत 2009 में शुरू की थी। इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक पदक जीतते चली गई। 

रोजाना 4 घंटे करती हैं अभ्यास :
शगुन ने बताया कि पढ़ाई के साथ खेल पर भी पूरा फोकस होता है। अब खेल में ही करियर बनाने पर सोच रही हूं। ताइक्वांडो का अभ्यास रोजाना 4 घंटे करती हूं लेकिन जब कोई चैम्पियनशिप खेलनी होती है तो प्रैक्टिस में और टाइम देना शुरू कर देती हूं। शगुन ने बताया कि ताइक्वांडो की प्रैक्टिस पंजाब यूनिवर्सिटी और विलो सिटी ताइक्वांडो सैंटर में भी  करती हूं। 

तीन साल से लगातार जीत रही हैं पदक :
शगुन का प्रदर्शन देखा जाए तो वह पिछले तीन साल से इंटर कालेज व इंटर यूनिवॢसटी में लगातार पदक जीत रही है। 2017-18 में जी.एन.डी.यू. अमृतसर में हुई ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में शगुन ने कांस्य पदक जीता था तथा 2018-19 इंटर कालेज ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक तथा अभी हाल ही में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही।

वर्ल्ड चैम्पियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन करूंगी :
शगुन ने बताया कि कहा कि मेरा ध्यान कभी पदक जीतने पर नहीं होता हैं। बस में तो चैम्पियनशिप में 100 प्रतिशत बेहतरीन करने का टारगेट रखती हूं। मुझे उम्मीद है कि वर्ल्ड चैम्पियनशिप में भी बेहतरीन प्रदर्शन करूंगी। 

ये हैं शगुन की उपलब्धियां :
-25वीं टी.एफ.आई. चैम्पियनशिप-2010 में कांस्य पदक।
-चंडीगढ़ स्टेट ताइक्वांडो चैम्पियनशिप-2010 स्वर्ण पदक।
-केन्द्रीय विद्यालय संगठन स्पोर्ट्स मीट में 2011 में स्वर्ण पदक।
-स्कूल गेम्स फैडरेशन 2013 में स्वर्ण पदक।
-2014 केन्द्रीय विद्यालय नैशनल गेम्स में रजत पदक। 
-2014 में 14वीं चंडीगढ़ स्टेट जूनियर चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक। 
-2017-18 पी.यू. इंटर कालेज चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक। 

Priyanka rana

Advertising