कनाडा जाने की चाह में NRI विधवा से रचाई शादी, हड़पे लाखों के गहने और नकदी

Monday, May 13, 2019 - 08:49 AM (IST)

खरड़(रणबीर) : एक एन.आर.आई. विधवा महिला के साथ विवाह रचा कर धोखे से उसकी लाखों के गहने और कैश हथियाने के आरोप में आरोपी पति के विरुद्ध खरड़ पुलिस ने केस दर्ज किया है। एस.एस.पी. मोहाली के पास कनाडा निवासी गगनदीप कौर नामक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में उसने बताया कि वह मूलरूप से गांव जकड़ माजरा की निवासी है। अभी कनाडा में रहती है। उसके पहले पति की मौत हो चुकी है और उसके दो बच्चे हैं। 

उसने दूसरा विवाह चंडीगढ़ निवासी हरमिंदर सिंह के साथ वर्ष 2015 में हुआ था। हरमिंदर सिंह भी तलाकशुदा था और उसका 9 साल का बेटा है। विवाह के समय उसने व उसके परिवार वालों ने करीब 8.60 लाख रुपए खर्च किए, जिसके बाद शादी रजिस्टर्ड करवा ली। विवाह के बाद वह 5 फरवरी 2015 को कनाडा चली गई। जाते समय वह करीब 2.16 लाख रुपए अपने ससुराल में छोड़ गई। इसके अलावा उसके पति के कहने पर उसने 1000 डॉलर भी उसे दिए। 

सेविंग अकाऊंट को पटियाला से चंडीगढ़ शिफ्ट करवाया :
वर्ष 2015 में वह दोबारा भारत आई। तब उसके पति हरमिंदर ने उससे कहा कि अपने सेविंग अकाऊंट को पटियाला से चंडीगढ़ शिफ्ट करवा ले। उसकी बातों में आकर उसने अपना खाता चंडीगढ़ में ट्रांसफर करवा लिया। फिर वह दोबारा कनाडा चली गई। वह अपने खाते से संबंधित डेबिट कार्ड ससुराल वालों को दे गई, जिसका पिन नंबर भी बता गई। विदेश जाकर उसने अपने पति की डिमांड पर करीब 7.58 लाख रुपए उसे भेजे। 

उसने अपने पति की कनाडा आने के लिए वीजा फाइल भी लगवा दी। 27 अक्तूबर, 2017 को उसके पति का वीजा लग गया और वह कनाडा आ गया। उसे पता चला कि उसके पति ने सिर्फ उसका इस्तेमाल विदेश जाने के लिए किया, जिसके चलते उसे धोखे में रख कर उक्त शादी रचाई। उसे यह भी पता चला कि उसके पति व ससुराल वालों ने उसके कार्ड से करीब 4 लाख रुपए निकलवाए व इस्तेमाल किए। 

यही नहीं उसके करीब 12 लाख 87 हजार 426 रुपए के गहने भी ससुराल वालों ने रख लिए। इस साजिश का पता लगने के बाद उसे कनाडा अथॉरिटीज को पति हरमिंदर के खिलाफ शिकायत दी। हरमिंदर का वीजा वर्ष 2017 में रद्द कर दिया गया। इसके बाद उसने पति व ससुराल वालों के खिलाफ एस.एस.पी. मोहाली को शिकायत दी। मामले की जांच डी.एस.पी. खरड़ ने की, जिस आधार पर पुलिस ने आरोपी हरमिंदर सिंह के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया।

Priyanka rana

Advertising