मुख्यमंत्री ने उद्घाटन से पहले ही खुलवाया 731 मीटर लंबा फोरलेन फ्लाईओवर

Wednesday, Aug 17, 2022 - 09:09 PM (IST)

चंडीगढ़, (बंसल): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बुधवार को गुरुग्राम के अतुल कटारिया चौक का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पर जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुरानी दिल्ली रोड पर बनाए गए 731 मीटर लंबे फोरलेन फ्लाईओवर व उसके साथ के सॢवस रोड को भी खुलवा दिया है। हालांकि इनका विधिवत उद्घाटन बाद में किया जाएगा लेकिन मुख्यमंत्री ने आम लोगों की सहूलियत के लिए इसे पहले ही खुलवा दिया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा भी मौजूद रहे। 

 


मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से हमारी सरकार प्रदेश में आई है, हमने गुरुग्राम के विकास पर पूरा ध्यान दिया है। आखिरकार यह हमारी आइकॉन सिटी है, एक-एक करके हमने यहां कई फ्लाईओवर व अंडरपास बनाए, इससे यहां की कनैक्टिविटी में सुधार हुआ। अभी इस दिशा में और भी काम चल रहे हैं। इससे गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम से निजात मिला है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों को वह समय भी याद होगा जब गुरुग्राम में एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने में घंटों लगते थे। 

 


मनोहर लाल ने कहा कि पुरानी दिल्ली रोड पर अतुल कटारिया चौक गुरुग्राम के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक है, जहां प्रतिदिन काफी संख्या में वाहनों का आगमन होता है। ऐसे में लोगों को जाम से निजात दिलवाने के लिए वर्तमान राज्य सरकार ने फ्लाईओवर का निर्माण करवाया है, जिसे अब जनता के लिए खोल दिया गया है। इससे कापसहेड़ा बॉर्डर के जरिए दिल्ली से गुरुग्राम के बीच कनैक्टिविटी में सुधार संभव हुआ है। 

 


इसके अलावा सॢवस रोड भी अब सार्वजनिक उपयोग के लिए खोल दिए गए हैं ताकि फ्लाईओवर और सॢवस रोड दोनों से यातायात की भीड़ को कम करने में मदद मिलेगी। इस दौरे के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री ने शीतला माता मंदिर से महाराणा प्रताप चौक मार्ग पर बन रहे 1.094 किलोमीटर लंबाई के फोरलेन अंडरपास पर चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने 2 अक्तूबर तक अंडरपास के बचे हुए सभी कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।  
 

Ajay Chandigarh

Advertising