भाजपा ने चंडीगढ़ को 40 साल पीछे धकेला : तिवारी

Wednesday, Oct 03, 2018 - 11:30 AM (IST)

चंडीगढ़(राय) : भारत के पूर्व सूचना एवं प्रसारण मंत्री तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रचार समिति के सदस्य मनीष तिवारी ने कहा है कि भाजपा के चार साल के शासन के दौरान देश की राजनीति गंदी हुई है। 

केंद्र सरकार की आंतरिक व बाहरी नीतियों के कारण देश की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर साख में गिरावट आई है। मनीष तिवारी मंगलवार को बापूधाम कालोनी में आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे। तिवारी समर्थकों द्वारा आयोजित इस रैली का विषय राजनीति में स्वच्छता था। तिवारी ने कहा कि भाजपा ने चार के दौरान इस देश को नोटबंदी, जुमलेबाजी व बेरोजगारी के अलावा कुछ नहीं दिया है। 

भाजपा पर स्वच्छता अभियान के नाम पर ढोंग करने का आरोप लगाते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान परिपेक्ष्य में स्वच्छ राजनीति करना समय की मांग है, लेकिन भाजपा ने जहां महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को समाप्त किया है, वहीं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री द्वारा दिए गए जय जवान जय किसान के नारे को समाप्त करने का काम किया है। 

तिवारी ने गांधी जयंती के अवसर पर चंडीगढ़ वासियों को स्वच्छ राजनीति का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि पिछले चार साल के दौरान चंडीगढ़ हर क्षेत्र में 40 साल पीछे चला गया है। 

Priyanka rana

Advertising