रोजाना 8 घंटे बंद रहेगा मनीमाजरा रेलवे फाटक

punjabkesari.in Thursday, Mar 15, 2018 - 07:37 PM (IST)

चंडीगढ़ (लल्लन): मनीमाजरा रेलवे फाटक कई साल से लग रहे जाम से परेशान लोगों को अब राहत मिलेगी। रेलवे यहां आर.यू.बी. बनाने और इंटरलॉकिंग का काम जल्द शुरू करेगा। इस वजह से अब  मनीमाजरा फाटक रोज 8 घंटे बंद रहेगा। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक फाटक बंद रहेगा। 

 

इस रूट से रोज बड़े-छोटे हजारों वाहन आते-जाते हैं। मनीमाजरा का यह रास्ता एक तरह से शॉर्टकट है। चंडीगढ़ जाने के लिए ज्यादातर लोग इसी रास्ते को पसंद करते हैं। ऐसे में रास्ते के बंद होने से लोगों को घूमकर जाना पड़ेगा। वहीं, रूट को भी डायवर्ट किया जाएगा।

 

सुबह शताब्दी एक्सप्रैस को निकालने के बाद काम होगा शुरू
पिछले 5 साल से रुका हुआ आर.यू.बी. बनाने का काम 3-4 दिनों में शुरू होने वाला है। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। इस प्रोजैक्ट 4.25 करोड़ रुपए खर्चे कर रहे हैं। 

 

लेकिन इस यू.आर.बी. का सिर्फ छोटे वाहनों को ही फायदा होगा। सुबह शताब्दी एक्सप्रैस को निकालने के बाद ही अंडरब्रिज का काम शुरू होगा। रेलवे की ओर से दप्पर-चंडीगढ़ के बीच डबल रेलवे ट्रैक बनाने के मकसद से 17 से 25 मार्च तक 1 दर्जन से अधिक ट्रेनों को रद्द किया गया है। 

 

इसके साथ ही रेलवे मनीमाजरा यू.आर.बी. का कार्य भी शुरू कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक इंटरलॉकिंग का काम होगा, उसी दौरान फाटक पर ब्रिज को तैयार कर दिया जाएगा। 

 

10 फीट खुदाई होगी
मनीमाजरा रेलवे फाटक पर आर.यू.बी. बनाने के लिए रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ेगी। नीचे नगर निगम की ओर से वाटर सप्लाई के लिए पाइप भी डाली हुई हैं। 

 

ऐसे में खुदाई के दौरान काफी सर्तक रहना होगा। अधिकारियों का कहना है कि अंडर ब्रिज बनाने के लिए 10 फीट के सीमैंट के बाक्स बनाए गए हैं। इनको लगाने के लिए 10 फीट की खुदाई करनी पड़ेगी। खुदाई के दौरान न तो कोई वाहन और न ही कोई ट्रेन ट्रैक से गुजर सकती है। 

 

5 साल से अधर में था आर.यू.बी. प्रोजैक्ट
मनीमाजरा टाऊन के फाटक पर अंडरपास बनाने का प्रोजैक्ट पिछले 5 वर्षों से अधर में था। लोग इसे जल्द शुरू करने की मांग कई बार कर चुके हैं। वर्ष 2016 में शहर की सांसद किरण खेर और उस समय के मेयर अरुण सूद ने अंबाला मंडल के डी.आर.एम. के साथ मौके का मुआयना किया। इसके बाद से इस फाइल में तेजी आई और अब रेलवे की ओर से कार्य शुरू किया जाएगा।

 

नहीं जा सकेंगे बड़े वाहन 
अंडरपास को लो हाइट स्पेस बनाया जा रहा है। इसकी वजह से यहां से केवल दो-पहिया वाहनों के अलावा, कार, ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा ही गुजर सकेंगे। बड़े वाहनों का जाना यहां से नामुमकिन होगा। बसों और ट्रकों के लिए अलग से रूट फाइनल किया जाएगा।

 

कोट्स....
मनीमाजरा रेलवे फाटक पर आर.यू.बी. बनाने का प्रोजैक्ट काफी समय से चल रहा है। अब इसका निर्माण कार्य शुरू होगा। -दिनेश चंद शर्मा, डी.आर.एम., अंबाला मंडल


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News