लोगो बनाओ, 5000 रुपए ईनाम भी पाओ

Friday, Mar 11, 2016 - 11:17 PM (IST)

 चंडीगढ़ (विजय) : एक अप्रैल से चंडीगढ़ कैरोसीन फ्री सिटी हो जाएगा। अधिक से अधिक लोगों तक यह मैसेज पहुंचाया जाए इसके लिए चंडीगढ़ प्रशासन जल्द ही एक लोगो भी जारी करने जा रहा है। यह लोगो कैसा होगा यह भी शहर के लोग ही फैसला लेंगे। प्रशासन ने इसके लिए एक प्रतियोगिता का आयोजन किया है। जिसमें भाग लेकर लोग न केवल शहर का लोगो तैयार कर सकते हैं बल्कि 5000 रुपए का ईनाम भी जीत सकते हैं। इसके लिए प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि 15 मार्च तक लोग माय गोव पर लोगो भेज सकते हैं।

दरअसल फूड सप्लाई एंड कंज्यूमर अफेयर्स डिपार्टमैंट ने 31 मार्च तक चंडीगढ़ में कैरोसीन के यूज को बिलकुल बंद करने का फैसला किया है। इसके चलते ही 1 अप्रैल से चंडीगढ़ को केरोसीन फ्री घोषित कर दिया जाएगा। अभी अंतोदय अन्न योजना (ए.ए.वाई.) में आने वाले उन लोगों को एल.पी.जी. गैस कनैक्शन दिलवाए जा रहे हैं जो कि अभी तक कैरोसीन यूज कर रहे हैं। इस वक्त चंडीगढ़ को प्रत्येक तीन महीने के लिए 276 किलोलीटर का कैरोसीन का कोटा मिल रहा है। हालांकि पहले जब ज्यादा लोग कुकिंग के लिए कैरोसीन यूज करते थे उस वक्त चंडीगढ़ का कैरोसीन का कोटा करीब 888 किलोलीटर(चार महीनों के लिए) होता था।

Advertising