लक्की ढाबे में सिलैंडर फटा, लाखों का नुक्सान

Saturday, May 12, 2018 - 12:51 PM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : हल्लोमाजरा स्थित ट्रांजिट कैंप के पास लक्की ढाबे में शुक्रवार सुबह कर्मिशियल गैस सिलैंडर फट गया। हादसे में ढाबे की दीवारें और छत टूट गई, जबकि शटर टूटकर 100 मीटर दूर सड़क पर जा गिरा। धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने सूचना फायर विभाग और ढाबा मालिक को दी। 

फायर बिग्रेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पड़ोसी ने बताया कि धमकों से उनकी दुकान और आसपास के इलाके में बने घरों के शीशे तक टूट गए। ढाबा मालिक सुरेंद्र ने बताया कि सिलैंडर फटने से उनका करीब चार लाख का नुक्सान हो गया। 

सुरेंद्र ने बताया कि ट्रांजिट कैंप के पास दुकान नंबर 1810 में लक्की नाम से ढाबा चलाता है। वीरवार रात वह ढाबा बंद कर घर गया था। शुक्रवार सुबह 5:20 मिनट पर पड़ोसी ने कॉल कर बताया कि ढाबे में सिलैंडर फटने से आग लग गई। वह मौके पर पहुंचा तो फायर विभाग के कर्मी आग बुझा रहे थे। चश्मदीद राम प्रसाद ने बताया कि ढाबे से कुछ दूरी पर तीन लोग सो रहे थे। धमके के बाद दीवार से टूटी ईंटे उनको लगी। 

सूत्रों से पता चला है कि रात के समय ढाबे में गैस सिलेंडर खुले रह गए होंगे। सारी रात गैस ढाबे में इकट्ठी होती रही और बाद में आग लगने से सिलैंडर ब्लास्ट हो गए। ढाबे पर काम करने वाले नौकर संजीव ने कहा कि यहां काम करने वाले चार कर्मचारी रोज ढाबे के अंदर ही सोते थे लेकिन 20 दिन पहले सभी कर्मचारी अपने गांव गए हुए हैं। 

Punjab Kesari

Advertising