सुबह शाम लो हुआ पानी का प्रेशर, 6 मई तक पानी की रहेगी किल्लत

punjabkesari.in Friday, May 04, 2018 - 10:16 AM (IST)

चंडीगढ़ (राय): मेयर देवेश मोदगिल के नेतृत्व में निगम की वित्त एवं अनुबंध समिति की टीम ने वीरवार को कजौली वाटर हैड का दौरा किया। टीम ने शहर को मिलने वाले अतिरिक्त पेयजल संयंत्रों और उन स्थलों का दौरा किया जहां से शहर को आने वाली पाइप लाइनें और संबंधित बूस्टिंग पंप लगे हैं। 

 

सबसे पहले कजौली वाटर हैड का दौरा कर वहां की सप्लाई से संबंधित हर तकनीकी की पहलुओं की जानकारी ली गई। इसके बाद पानी सप्लाई की नई बिछने वाली पाइप लाइन की साइट का भी मुआयना किया। वापसी में सैक्टर-39 चंडीगढ़ में लगे वाटर टैंकों का भी जायजा लेने के बाद टीम बाद दोपहर चंडीगढ़ पहुंची।

 

मई 2018 में पीने के पानी की सप्लाई करने की थी बड़ी घोषणा
 टीम में मेयर के अलावा कमेटी सदस्य एवं पार्षद अनिल दूबे पार्षद हरदीप सिंह, निगम के मुख्य अभियंता इंजीनियर मनोज बंसल, अधिशासी अभियंता संजय अरोड़ा, कार्यकारी अभियंता हरीश सैनी एवं सहायक लोक संपर्क अधिकारी संजीव कुमार वर्मा भी शामिल थे। 

 

शहर को अतिरिक्त पानी की सप्लाई के लिए मेयर ने मार्च में ही इन स्थलों का दौरा करने के साथ ही विगत पहली मई 2018 को शहर वासियों के पीने के पानी की सप्लाई करने की बड़ी घोषणा की थी। चंडीगढ़ के प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर भी इस काफिले में शामिल थे। 

 

दौरे में भी मेयर ने चीफ इंजीनियर और उनके संबंधित स्टाफ को उसी प्रकार की विशेष हिदायतें दीं। इस दौरे में संबंधित समिति के पार्षद देविंद्र सिंह बबला, हीरा नेगी, राजबाला मलिक, फर्मिला देवी नहीं पहुंचे। केवल अनिल दूबे ही कमेटी सदस्यों में से शामिल थे।

 

पानी की कमी से होना पड़ा परेशान, पानी के टैंकर मंगवाने पड़े 
शहर में आज भी पानी की कमी शहरवासियों को पानी के लिए दो-चार होना पड़ रहा है। शहर में कई जगह वीरवार को पानी लो प्रैशर से भी नहीं आ पाया। निगम का 6 मई तक लो प्रैशर सप्लाई का दावा फेल होता दिखा। 

 

वीरवार को सबसे ज्यादा दिक्कत सैक्टर-20, 21, 22, 23, 36, 41, 42 43, और 45 में रही। यहां शाम में ग्राऊंड फ्लोर पर भी पानी नहीं आया। वहीं शहर भर में ऊपरी मंजिलों में रहने वाले लोगों के घरों में भी पानी नहीं चढ़ा। 

 

3 दिन में ही शहर में पानी का संकट गहरा गया है। अभी यह स्थिति लोगों को 6 मई तक सहन करनी है। आज भी इन सभी सैक्टरों में लोगों ने निगम ऑफिस में कॉल कर पानी के टैंकर मंगवाए। 

 

कुल 958 शिकायतें
निगम के पब्लिक हैल्थ विभाग के एस.डी.ओ. संजय चौहान ने बताया कि गत 3 दिन में नगर निगम के पास पानी की कमी की कुल 958 शिकायतें आई हैं। वहीं 358 टैंकर शहर भर में भेजे हैं। निगम के पास कुल 21 टैंकर्स हैं। इनमें से 7 रैंट पर हैं और 14 अपने। इनमें 10 टैंकर मोटर वाले हैं और 4 नार्मल।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News