वॉलीबाल टीम की कप्तान रहीं मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल कोरोना से हारी जंग

punjabkesari.in Monday, Jun 14, 2021 - 01:16 AM (IST)

चंडीगढ़,(लल्लन): भारत की वॉलीबाल टीम की कप्तान रही व महान एथलीट मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल कौर (85) का रविवार को कोविड-19 संक्रमण के कारण निधन हो गया। वह मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती थी। उनका अंतिम संस्कार परिवार द्वारा किया गया। 
इसकी जानकारी परिवार के एक सदस्य ने दी। उन्होंने बताया कि निर्मल मिल्खा सिंह ने शाम 4 बजे के करीब अंतिम सांस ली। देर शाम कोरोना प्रोटोकॉल के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। निर्मल मिल्खा सिंह पंजाब के स्पोट्र्स डायरैक्टर के पद भी कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने डायरैक्टर के पद पर रहते हुए महिला खिलाडिय़ों के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने इंडिया की तरफ से एशियन गेम्स खेली थी। 

 


30 मई को आई.सी.यू. में शिफ्ट किया था
निर्मल कौर का ऑक्सीजन लैवल कम होने की वजह से परिवार ने उन्हें 26 मई को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया था। यहां 30 मई को तबीयत ज्यादा बिगडऩे की वजह से उन्हें नार्मल वार्ड से आई.सी.यू.में शिफ्ट कर दिया गया था। उन्हें मैडीकल ऑक्सीजन की जरूरत लगातार बढ़ती जा रही थी। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों  के बावजूद वह रिकवर नहीं कर पाई। 


गौरतलब है कि पद्मश्री मिल्खा सिंह की कोरोना रिपोर्ट 17 मई को पॉजटिव आई थी। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पूरे परिवार ने कोविड टैस्ट करवाया था, जिसमें उनके दो घरेलू सहायक भी संक्रमित पाए गए थे, जबकि उनकी पत्नी निर्मल कौर, बहू कुदरत और पोते हरजय मिल्खा सिंह की रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन ठीक एक हफ्ते बाद निर्मल कौर की तबीयत बिगडऩे लगी और जब उन्होंने अपना कोरोना टैस्ट दोबारा करवाया, तो वह कोरोना पॉजिटिव निकली थी। तबसे उनका इलाज फोर्टिस में चल रहा था।


मिल्खा सिंह पी.जी.आई. में उपचाराधीन
मिल्खा सिंह की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें पहले फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन परिवार के आग्रह पर मिल्खा सिंह 2 जून को घर आ गए। 3 जून को अचानक सेहत खराब होने के बाद मिल्खा सिंह को पी.जी.आई.में दाखिल करवाया गया। मिल्खा सिंह का इलाज पी.जी.आई. में चल रहा है। इस कारण  वह पत्नी के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके।


एशियन गेम्स के दौरान मुलाकात हुई थी
कोलंबो में एशियन गेम्स के दौरान हुई पार्टी में 1955 में मिल्खा सिंह की मुलाकात निर्मल कौर से हुई थी। रोम ओलिंपिक के बाद दोनों ने साल 1962 में शादी कर ली थी। उनका बेटा जीव मिल्खा सिंह गोल्फ में भारत का प्रतिनिधित्व करता है तो तीन बेटियां हैं, जिनमें एक बेटी अमरीका में डॉक्टर हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

ashwani

Recommended News

Related News