ITFT कॉलेज के छात्रों को लूटा, बदमाशों ने बंधक बनाकर बैल्टों से पीटा

Sunday, Jun 02, 2019 - 09:30 AM (IST)

नयागांव(मुनीष) : नगर की जनता कालोनी में आई.टी.एफ.टी. कॉलेज के चार छात्रों को बंधक बनाकर कुछ बदमाशों ने बैल्टों से बुरी तरह से पीटा। बदमाशों ने छात्रों से मोबाइल और नगदी भी लूट ली। युवकों के परिजनों ने पुलिस को इस संबंध में शिकायत दी है। 

पुलिस ने तीन आरोपियों सूरज, रजत और एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूरज को पुलिस ने काबू कर लिया है, उस पर पहले से कई केस दर्ज हैं। वहीं पुलिस रंजिश के एंगल पर भी जांच कर रही है। 

हिमाचल के रहने वाले हैं पीड़ित युवक :
जानकारी के अनुसार अभिषेक शर्मा निवासी धर्मशाला, अभिषेक जगोतरा निवासी भरमौर, अरविंद शर्मा निवासी कांगड़ा और संदीप कुमार निवासी हमीरपुर के साथ यह घटना जनता कालोनी में घटी। हिमाचल संस्था के प्रधान विकास शर्मा ने बताया कि चारों युवक हिमाचल के हैं और आई.टी.एफ.टी. कॉलेज में पढ़ते हैं। छात्रों के पेपर चल रहे हैं। 

अभिषेक नयागांव में रहता है। नगर में सुबह से लाइट आ जा रही थी। पढ़ाई न हो पाने के कारण अभिषेक के दोस्त उसे लेने नयागांव आ गए। वीरवार रात को करीब 11 बजे वे नयागांव से खुड्डा लाहौरा जा रहे थे, जब वे जनता कालोनी के पास पहुंचे तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। 

जब छात्रों ने उनका विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। चारों छात्रों को आरोपी घसीटकर कालोनी के एक कमरे में ले गए। कमरे में कुछ और युवक भी थे। सभी ने उनसे मारपीट की और उनके पैसे और मोबाइल छीन लिए। आरोपियों ने उनकी किताबें भी फाड़ दी। 

धमकी दी, पुलिस को बताया तो और बुरा हाल होगा :
पीड़ित छात्रों ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उन्हें धमकियां भी दी कि अगर पुलिस को बताया तो इससे भी बुरा होगा। आरोपियों ने चारों को शुक्रवार सुबह 6 बजे छोड़ा। युवकों के परिजन शनिवार को हिमाचल से आए, उसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई है।

एक आरोपी को पकड़ा :
एस.एच.ओ. नयागांव गुरवंत सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत आई है। तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। एक युवक सूरज को काबू भी किया है, उस पर पहले भी कई केस दर्ज हैं। 

पुलिस ने उसे शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत मे रोपड़ भेज दिया गया है। वहीं पुलिस ने जनता कॉलोनी में छापामारी भी की। मगर दो आरोपी अभी फरार हैं। 

Priyanka rana

Advertising