ट्रेनों में लुट रहे यात्री, 5 माह में हो चुकी हैं 84 जीरो FIR

Monday, May 27, 2019 - 11:52 AM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : सरकार की और से जितने भी दावे रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे हों लेकिन सच्चाई ये है कि माह के 16 दिन सफर के दौरान यात्री लुट रहे हैं। इसका खुलासा चंडीगढ़ के जी.आर.पी.थाने में दर्ज हुई जीरो एफ.आई.आर. से हो रहा है। जनवरी से अब तक 84 जीरो एफ.आई.आर. दर्ज हो चुकी हैं। ऐसे में आप सोच सकते हैं कि सफर के दौरान यात्री कितने सुरक्षित हैं। 

इस संबंध में अधिकारियों का कहना है कि चोरी की अधिकतर घटनाएं दिल्ली के आसपास होती हैं। इस कारण चंडीगढ़ में एफ.आई.आर. दर्ज कर संबंधित थाने में भेज देते हैं। अधिकारियों का कहना है कि दूसरे राज्य से चंडीगढ़ आने वाली ट्रेनों को रास्ते में चोर अपना शिकार बनाते हैं लेकिन गाड़ी का अंतिम पड़ाव होने के कारण मामला उन्हें दर्ज करना पड़ता है। 

हालांकि जी.आर.पी.की ओर से संवेदनशील जगहों का सर्वे भी किया जा चुका है, जिसकी यात्रियों को जानकारी भी दी जाती है लेकिन इसके बाद भी चोरी की घटनाओं पर नकेल कसने में रेलवे कामयाब नहीं हो पा रहा।  

हर साल हो रहा है वारदातों में इजाफा :
ट्रेनों में लूट व चोरी की वारदात को कम करने के लिए रेलवे ने 181 नंबर जारी किया है लेकिन यह नंबर ज्यादातर व्यस्त ही रहता है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2018 में चंडीगढ़ जी.आर.पी. के पास 78 जीरो एफ.आई.आर. दर्ज हुई थी। 

स्थानीय रेलवे स्टेशन पर चोरी की पूरे साल सिर्फ 66 एफ.आई.आर.दर्ज हुई थी। लेकिन 2019 में अभी मई माह सप्ताह भी नहीं हुआ है जबकि जीरो एफ.आई.आर. की संख्या 84 पहुंच गई है। इसके मुकाबले स्थानीय थाने में 34 एफ.आई.आर.दर्ज हुई हैं। वर्ष 2017 के आंकड़ों की बात की जाए तो 72 जीरो एफ.आई.आर. दर्ज हुई थी। 

अलीगढ़, मुरादाबाद व दिल्ली बेहद संवेदनशील :
बिहार व उत्तर प्रदेश से आने वाली अधिकतर ट्रेनें दिल्ली व मुरादाबाद के रास्ते चंडीगढ़ आती हैं। ऐसे में चोर और लुटेरे इन स्टेशनों के आसपास ही यात्रियों को अपना निशाना बनाते हैं। जी.आर.पी.के अधिकारियों का कहना है कि चोरी की अधिकतर शिकायत दिल्ली व उसके आसपास के थानों की आती हैं। अलीगढ़, मुरादाबाद और दिल्ली सबसे अधिक संवेदनशील माने जा रहे हैं। 

ऐसे में मामला दर्ज करके इन स्टेशनों को भेज दिया जाता है। सद्भावना, ऊंचाहार और कालका मेल में होती हैं अधिक चोरियां दिल्ली से चंडीगढ़ आने वाली शताब्दी सुपरफास्ट ट्रेन में चोरी की वारदात सबसे कम होती है। लेकिन लखनऊ से आने वाली सद्भावना सुपरफास्ट, ऊंचाहार एक्सप्रैस और कालका मेल में चोरी की सबसे अधिक शिकायतें आती हैं।  

Priyanka rana

Advertising