हल्की बारिश ने दी लोगों को भयंकर गर्मी से राहत

punjabkesari.in Wednesday, May 04, 2022 - 01:20 PM (IST)

चंडीगढ़:   बुधवार सुबह हुई हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत प्रदान की। बादल छाने के कारण धूप भी गायब रही और ठंडी हवाएं चली। हालांकि कुछ घंटों बाद फिर से धूप निकल आई मगर तापमान में कमी देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में शहर का तापमान एक बार फिर से बढ़ने वाला है। इससे पहले शहर में मार्च और अप्रैल के 2 महीनों में शहर का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। दोनों महीने में शहर में गर्मी के रिकार्ड भी देखने को मिला। वर्ष 2004 और 2010 में भी तापमान देश भर में ज्यादा रिकार्ड किया गया था। मौसम विभाग के डायरेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि मार्च महीने में गर्मियां शुरु होने पर बारिश न होने के चलते भी तापमान में वृद्धि हुई। हवा और जमीन में नमी की मात्रा कम हो गई। आसमान साफ रहने के कारण आती तेज धूप के चलते भी तापमान में बढ़ोत्तरी हुई। 

मई महीने के इन शुरुआती दिनों में तापमान में कमी देखने को मिली है। वेस्टर्न डिसटर्बेंस के चलते हवा की दिशा में परिवर्तन हुआ। वेस्टर्न विंड आमतौर पर सर्दन विंड से कम गर्म रहती है। इसके अलावा पहाड़ी इलाकों में बारिश के चलते भी उनसे लगते पंजाब के कुछ इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिला। बीते कल भी पंजाब और हरियाणा में कुछ जगहों पर बारिश रिकार्ड की गई थी। इससे भी गर्मी में कमी आई है।  आने वाले दिनों में तापमान में फिर से तेजी देखने को मिलेगी। फिलहाल शहर के तापमान में 4 से 6 डिग्री की कमी आई है। वहीं पंजाब और हरियाणा में भी गर्म हवाएं नहीं चल रही हैं। मनमोहन सिंह के मुताबिक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 5 मई से एक बार फिर तापमान में वृद्धि होनी शुरु हो जाएगी। वहीं गर्म हवाएं भी चलनी शुरु हो सकती हैं। 

मनमोहन सिंह ने बताया कि मई और जून का महीना अक्सर गर्म रहता है। उन्होंने बताया कि इन महीनों में हरियाणा में सामान्य रुप से तापमान 42 से 43 डिग्री तक होता है। वहीं पंजाब में भी 41 से 43 डिग्री तक तापमान रहता है। चंडीगढ़ में 42 से 43 डिग्री तक चला जाता है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Custom

Auto Desk

Recommended News

Related News