लाइब्रेरी स्टाफ ने खोला मोर्चा, सचिव को दी शिकायत

Thursday, Apr 11, 2019 - 02:53 PM (IST)

चंडीगढ़ (रमेश) :  सैक्टर-17 स्थित सैंट्रल स्टेट लाइब्रेरी से वर्ष-2008 में 26 हैरिटेज कुॢसयां चोरी हुई थी, जिनकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 25 लाख से अधिक आंकी गई थी। प्रशासन ने इस गंभीर मामले की जांच करवाने की बजाय मामला दबा दिया क्योंकि इस बड़ी चोरी में कई बड़े अफसर नपते। 

 

अब एक बार फिर उक्त मामला गरमा गया है। अब लाइब्रेरी स्टाफ ने ही सच्चाई सामने लाने के लिए मोर्चा खोल दिया है। कर्मियों ने तीन पेज की एक शिकायत हायर एजुकेशन सचिव को भेजी है, जिसमें स्टेट लाइब्रेरी में लगातार हो रही चोरियों का जिक्र करते हुए उचित कदम उठाने की मांग की गई है।


लाइब्रेरी में महिलाएं भी सुरक्षित नहीं
पत्र की मार्फत बताया गया है कि लाइब्रेरी में महिलाएं भी सुरक्षित नहीं जिनके साथ रुखा व्यवहार किया जा रहा है। सी.सी.टी.वी. कैमरे लगे हैं लेकिन काम ही नहीं करते। एक महिला कर्मी का हाल ही में पर्स चोरी हो गया था, जिसमें हजारों की नकदी मोबाइल व अन्य सामान था। 

 

इसकी शिकायत लाइब्रेरी इंचार्ज को की गई थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। महिलाओं के टॉयलेट में ताका-झांकी की घटनाएं भी यहां हो रही है जिसकी एक डी.डी.आर. भी थाने में दर्ज है। 

 

कागजों में सिक्योरिटी, असल में रामभरोसे 
आर.टी.आई. से मिली जानकारी के अनुसार लाइब्रेरी में सिक्योरिटी के लिए अमित और शैली नाम के दो सुरक्षा कर्मी तैनात है लेकिन आज तक दोनों में कोई भी वर्दी में नहीं दिखा न ही कभी उनके पार कोई असलाह दिखा और ना ही वह कभी गेट पर ड्यूटी बजाते देखे गए हैं। सुरक्षा कर्मियों की जगह सफाई कर्मी मुख्य गेट पर ही ड्यूटी बजाता है।

pooja verma

Advertising