नारी शक्ति ने उठाई मशाल — नशे के खिलाफ जागरूकता और परिवर्तन की दिशा में प्रेरक पहल

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 07:32 PM (IST)

चंडीगढ़ः कर्तव्य निष्ठा युवा संगठन की ओर से शहर में बढ़ती नशे की समस्या के खिलाफ एक व्यापक जनजागरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और युवाओं को संगठित कर नशा मुक्त समाज और सशक्त नारी के निर्माण की दिशा में एकजुट प्रयास करना है। अभियान के तहत 6 मार्च को सेक्टर 17 प्लाज़ा में एक मशाल रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिला स्वयंसेवक अग्रणी भूमिका निभाएंगी। यह रैली अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर आशा का प्रतीक बनेगी।

इस मिशन को आगे बढ़ाते हुए, “नशा मुक्त समाज और सशक्त नारी” थीम पर आधारित पोस्टर और मशाल डॉ. सद्भावना, मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सरकारी बहु-विशेषज्ञता अस्पताल, सेक्टर 16, चंडीगढ़ को भेंट किए गए। इस अवसर पर उनके साथ उपस्थित महिला स्टाफ ने भी ‘नारी शक्ति’ का प्रतिनिधित्व करते हुए समाज से नशे की बुराई को जड़ से मिटाने का संकल्प लिया।

अभियान की अग्रणी महिलाएं — श्रीमती सुनीता श्योराण, श्रीमती सीमा चौधरी, श्रीमती मनप्रीत कौर, डॉ. निशा सिंगला, सुश्री नीलाक्षी और श्रीमती अनुराधा — ने कहा कि यह पहल केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि हर महिला नागरिक की सामूहिक शक्ति, संवेदना और दृढ़ संकल्प के माध्यम से नशे की बुराई को पूर्णतः समाप्त करने का एक सशक्त प्रयास है। अभियान समन्वयक श्री संजीव राणा ने बताया कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक परिवर्तनकारी सामाजिक मिशन है जिसका उद्देश्य समाज को एकजुट कर स्वस्थ, सशक्त और नशा मुक्त भारत का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान 23 मार्च (शहीद दिवस) तक विभिन्न जनजागरण गतिविधियों और कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News