लेडी कांस्टेबल का जुर्माना काटने पर 100 बसों के चालान

Friday, Aug 17, 2018 - 12:22 PM (IST)

चंडीगढ़(भगवत) : एक महिला कांस्टेबल के कारण चंडीगढ़ पुलिस और सी.टी.यू. के बस ड्राइवरों के बीच शुक्रवार को पी.जी.आई. के बस स्टॉप में खूब ठनी। दरअसल कुछ दिन पहले एक महिला कांस्टेबल जो कि बिना टिकट सी.टी.यू. की बस में सफर कर रही थी उसे 1500 रूपये का फाइन कर दिया गया। 

यह बात चंडीगढ़ पुलिस को नागवार गुजरी और उसने धड़ाधड़ सीटीयू बसों के चालान काटने शुरू कर दिए जो सिलसिला आज तक जारी है। जिसका विरोध करते हुए सी.टी.यू. चालकों की ओर से कुछ देर के लिए चक्का जाम कर दिया गया। 

सी.टी.यू. यूनियन के प्रधान जसवंत सिंह जग्गा ने कहा कि दरअसल पहले पुलिस मुलाजिमों की तनख्वाह से कुछ पैसे हर महीने कटते थे जिसके चलते उन्हें सी.टी.यू. की बसों में मुफ्त में सफर करने की सहूलियत हासिल होती थी। लेकिन पुलिस मुलाजिमों की ओर से पैसे न काटे जाने की दरखावस्त पर पुलिस अफसरों ने इसको अमल में ला दिया। जिससे पुलिस मुलाजिमों की मुफ्त में सफर करने की सहूलियत उनसे छिन गई। 

बस इसी बात को लेकर सी.टी.यू. पर अपना गुस्सा दिखाते हुए और उसके मुलाजिम से फाइन वसूलने के एवज में चंडीगढ़ पुलिस सी.टी.यू. बसों का चालान काटने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा और दूसरी रोडवेज की हर गलती को अनदेखा करते हुए चंडीगढ़ पुलिस अपने ही शहर की बस सेवा सी.टी.यू. पर गाज गिराते हुए चालानों की झड़ी लगा रही है। वहीं सीटीयू अधिकारी भी पुलिस अधिकारियों से बात करते हुए इस पूरे मामले को सुलझाने का यत्न करने में जुटे है।

Priyanka rana

Advertising