कुमार ब्रदर्स कैमिस्ट शॉप : मालिक की सुरक्षा पर पुलिस कर रही प्रतिमाह 25 लाख से अधिक खर्च

Friday, Jun 01, 2018 - 08:51 AM (IST)

चंडीगढ़(रमेश) : शहर के नामी कैमिस्ट शॉप के मालिक की सुरक्षा पर चंडीगढ़ पुलिस प्रतिमाह 25 लाख से अधिक खर्च कर रही है। उक्त व्यक्ति की सुरक्षा में 4 पी.सी.आर. और 16 कमांडो सहित 40 पुलिस कर्मी ड्यूटी दे रहे हैं। यह सुरक्षा बिजनैसमैन की 4 कोठियों व शोरूम में दी गई है। 

बिश्नोई गैंग के संपत नेहरा के नाम से 10 अप्रैल को कुमार ब्रदर्स कैमिस्ट शॉप के निदेशक अश्विनी कुमार को रात करीब 11 बजे उनके सैक्टर-2 स्थित घर पर वाट्सएप्प कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य संपत नेहरा बताते हुए 3 करोड़ की रंगदारी मांगी थी। 

पैसों का बंदोबस्त 3 दिन के भीतर करने को कहा गया था। रंगदारी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। कॉल करने वाले ने दो दिन बाद फिर फोन करने की बात कही थी। उसके बाद से आज तक कोई कॉल अश्विनी कुमार को नहीं आई जबकि उसी रात से उन्हें सुरक्षा घेरे में रखा जा रहा है।

कहां कितनी सुरक्षा :
कुमार ब्रदर्स की सैक्टर-2, सैक्टर-8, सैक्टर-9 व सैक्टर-11 में कोठियां हैं। सैक्टर-11 में उनके 4 शोरूम भी हैं, जहां सुरक्षा व्यवस्था दी गई है। चारों कोठियों के बाहर चंडीगढ़ पुलिस की पी.सी.आर. की गाडिय़ां 24 घंटे तैनात रहती हैं। पी.सी.आर. को निर्धारित स्थान पर जमे रहने के आदेश हैं। 

पीसीआर में 24 पुलिस वाले तैनात रहते हैं जबकि चारों कोठियों में हर वक्त शिफ्टों में दो कमांडो तैनात किए गए हैं, जिनकी संख्या 16 है। कुल 40 पुलिस वाले कुमार ब्रदर्स की सुरक्षा में लगे हुए हैं, जिनका मासिक खर्च 22 से 25 लाख के बीच आंका जा रहा है जबकि पी.सी.आर. वाहनों और उनमें डीजल का खर्च दो लाख से अधिक है। 

Punjab Kesari

Advertising