चंडीगढ़ के बाद अब पंचकूला भी होगा कैरोसीन मुक्त

Friday, Apr 22, 2016 - 08:11 AM (IST)

पंचकूला,  (मुकेश): चंडीगढ़ को कैरोसीन मुक्त बना दिया गया है। इसके बाद अब पंचकूला भी  कैरोसीन मुक्त होगा। बरवाला खंड के गांव श्यामटू में वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की शुरूआत पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में आगामी एक साल के भीतर हर घर में रसोई गैस कनैक्शन उपलब्ध कराया जाएगा तथा हरियाणा को कैरोसीन मुक्त प्रदेश बनाया जाएगा। 
 
भारत उदय अभियान चलाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांवों के विकास व सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए ग्रामोदय से भारत उदय अभियान चलाया है, जो देश के  5.50 लाख तथा प्रदेश के साढ़े 6 हजार गांवों में जारी है। देश के इतिहास में एक साथ इतनी ग्राम सभाओं का कार्यक्रम पहली बार हो रहा है।
 
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में भाग लेने से पहले डा. अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। सरपंच सोनिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के मौके पर 4.30 से 5.30 बजे तक देश की सभी ग्राम पंचायतों को रेडियो-टी.वी. के माध्यम से संबोधित करेंगे। 
 
पंचकूला की ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों को इसका सीधा प्रसारण पंचकूला में आयोजित विकास रैली में दिखाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 12 हजार चयनित जे.बी.टी. की नियुक्ति आगामी एक महीने में कर दी जाएगी तथा जल्द ही 10 हजार नए शिक्षकों की भी भर्ती की जाएगी। 
 
प्रदेश में परिवहन तंत्र को मजबूत बनाने के लिए रोडवेज बेड़े में एक हजार नई बसें शामिल की जाएंगी। इस समय बेड़े में 4500 बसें हैं। शिक्षा स्तर को और ऊंचा उठाने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।  
 
मुख्यमंत्री ने गांव श्यामटू में दो एकड़ जमीन में व्यायाम शाला बनवाने तथा कनौली-श्याम-टू के बीच सामुदायिक केंद्र का निर्माण कराने की भी घोषणा भी की। साथ ही गांव की बिजली, पानी व मक्खियों की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
Advertising