कालका अस्पताल की मॉर्चरी के फ्रिज खराब, बिना बर्फ रखे 3 शव, फैली दुर्गंध

punjabkesari.in Wednesday, Jun 12, 2019 - 09:50 AM (IST)

कालका (रावत) : कालका के सरकारी अस्पताल की मॉर्चरी में शवों को रखने के लिए लगाए फ्रिज लंबे समय से खराब हैं। इसके बाद सरकारी तंत्र की ऐसी बेरुखी के कारण 6 दिन पहले शव गृह में 3 अज्ञात शवों से पूरे अस्पताल परिसर में बदबू फैल गई। 

 

शव गृह में बिना बर्फ के ही ये शव रख दिए गए थे। दुर्गंध का ये आलम था कि अस्पताल की बिल्डिंग एवं एमरजैंसी वार्ड में भर्ती मरीजों व स्टाफ का भी जीना दूभर हो गया। 5 दिन से शव गृह में रखे इन लावारिस शवों का न तो अस्पताल के किसी स्टाफ ने सुध ली न ही इन शवों को रखने वाली पुलिस ने, जिस कारण अस्पताल में दुर्गंध फैली।

 

तीन शव रखवाए थे पुलिस ने
5 जून को कालका अस्पताल में कोई व्यक्ति एक महिला को अस्पताल में छोड़ गया। महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव को अस्पताल के शव गृह में 72 घंटों के लिए रखवा दिया गया। 7 जून को रेलवे के एक डिब्बे में अज्ञात युवक का शव मिला। वहीं 8 जून को पिंजौर-नालागढ़ फाटक के नजदीक रेलवे लाइन में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। तीनों शव यहीं रखे गए थे।

 

एक साल पहले संस्था ने लगवाया था फ्रिज
हित चैरिटेबल संस्था के संस्थापक हितेश पाहवा ने बताया कि यहां मोर्चरी में कोई भी फ्रिज न होने के कारण शवों को बर्फ में रखवाना पड़ता था। जैसे ही ट्रस्ट को इस समस्या के बारे में पता चला तो उन्होंने 28 नवम्बर 2017 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को पत्र भेजकर कालका मोर्चरी में चैम्बर (फ्रिज) लगवाने की मांग की थी। 

 

इस पर उन्हें 28 दिसम्बर 2017 को सी.एच.सी. कालका के चिकित्सा अधिकारी ने मॉर्चरी में बाडी चैम्बर लगवाने की अनुमति दे दी थी। संस्था द्वारा इसके बाद गत 14 जनवरी, 2018 को अस्पताल में एक साथ चार शवों को रखने वाला फ्रिज लगवा भी दिया था, लेकिन सही रखरखाव न होने के कारण आए दिन यह फ्रिज खराब हो जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja verma

Recommended News

Related News