वरिष्ठ पत्रकार मौत मामला : दुश्मनी या फिर संपत्ति क्या है हत्या की असली वजह?

Sunday, Sep 24, 2017 - 12:28 PM (IST)

मोहाली(राणा) : मोहाली के फेज-3बी 1 में रहने वाले वरिष्ठ पत्रकार के.जे. सिंह और उनकी मां की हत्या की वजह दुश्मनी या संपत्ति ही है, क्योंकि मृतकों के स्वर्णाभूषण नहीं उतारे गए और न ही घर खंगाला गया। प्रतीत होता है कि हत्यारा जाते वक्त हत्या की वजह लूट दर्शाने के लिए एक एल.ई.डी. साथ ले गया, जबकि के.जे. सिंह के घर में और भी कीमती सामान था, जिसे नहीं छेड़ा गया। जानकारी के अनुसार के.जे. सिंह ने विवाह नहीं किया था। उनकी मोहाली में जमीन व जायदाद है जो हत्या की बड़ी वजह हो सकती है। बहरहाल पुलिस उन लोगों की सूची बना रही है जिनका के.जे. सिंह के घर आना-जाना था।

 

बेटी खाना लेकर आई तो सामने आई वारदात :
के.जे. सिंह अपनी बूढी मां के साथ फेज-3 की कोठी में कई साल से रह रहे थे। उनकी बहन व अन्य रिश्तेदार भी मोहाली में रहते हैं जहां से मां-बेटे का खाना बनकर आता था। शनिवार दोपहर के.जे. सिंह की बहन यशपाल कौर अपने बेटे अजयपाल के साथ भाई और मां को खाना देने आई थी। घर का जाली वाला दरवाजा बाहर से बंद था। 

 

उन्होंने यह सोच कर दरवाजा खोला कि हो सकता है बुजुर्ग मां को डाक्टर से दिखाने गए होंगे, लेकिन दरवाजा खोलने पर उन्होंने खून बिखरा देखा तो वह सहम गए। कमरे में उनकी मां खून से सनी पड़ी थी पास जाने पर पता चला की वह दम तोड़ चुकी थी। दोनों मां-बेटा भीतर वाले कमरे में गए तो वहां के.जे. सिंह का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। 

 

दरवाजा नहीं खुलने पर वापस गई थी नौकरानी :
जानकारीके अनुसार सुबह करीब 8.30 बजे व 9 बजे के बीच में घर की नौकरानी आई थी, जिसने पुलिस को बताया कि काफी देर तक बैल बजाने व खटखटाने के बावजूद साहब ने दरवाजा नहीं खोला तो वह वापस चली गई। उसने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया,लेकिन अंदर से किसी ने दरवाजा नहीं खोला। रेखा ने बताया कि वह काफी समय से के.जे. सिंह के घर पर काम कर रही है। पुलिस रेखा से भी गहनता से पूछ ताछ कर रही है।

 

नहीं खोलते थे अनजान के लिए दरवाजा :
पुलिस की जांच में सामने आया कि के.जे.सिंह कभी भी किसी अनजान के लिए दरवाजा नहीं खोलते थे, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि घर पर हत्या की नियत से आया व्यक्ति परिवार का जानकार है तभी उसे भीतर आने दिया गया। कोई भी खिड़की या दरवाजा टूटा नहीं मिला जो यह दर्शाता है कि दरवाजा के.जे. सिंह की मर्जी से खुला और बाद में उक्त व्यक्ति ने हत्या को अंजाम दिया जो तेज धार हथियार भी साथ लाया था और उसे प्रत्येक मूवमैंट की खबर थी। 

 

मौके का जायजा लेने पर पता चलता है कि हत्यारे और के.जे. सिंह के बीच संघर्ष हुआ था।  के.जे. सिंह के पांव में एक ही चप्पल थी और पर्दा भी अस्त-व्यस्त था। पुलिस अन्य कई पहलुओं से वारदात की जांच कर रही है फोरैंसिक टीम ने मौके से कई जगह के फिंगर प्रिंट लिए हंै। कई और वस्तुएं भी साइंटिफिक जांच के लिए पुलिस साथ ले गई। के.जे. सिंह का घर कॉर्नर में है जिस कारण आसपास किसी को वारदात का पता नहीं चला।

 

Advertising