जजपा ने चुनावी गठबंधन की गेंद भाजपा हाईकमाने के पाले में डाली, सभी लोकसभा सीटों पर चुनावी बिगुल फूंकने का ऐलान

punjabkesari.in Monday, Jun 12, 2023 - 08:20 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): हरियाणा में इन दिनों भाजपा-जजपा गठबंधन को लेकर संशय बना हुआ है तो वहीं दोनों तरफ से चल रही बयानबाजियों के तेवर कुछ मंद भी पड़े हैं, शायद ऐसा भाजपा हाईकमान के हस्ताक्षेप से हुआ है। भाविष्य की राजनीति को लेकर जजपा भी भाजपा का मूड भाप गई है, तभी जजपा ने अपने स्तर पर प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर चुनावी बिगुल फूंकने का ऐलान कर दिया है। अगर भविष्य के चुनाव में समझौता नहीं होता तो जजपा अपने स्तर पर सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि जजपा ने भाविष्य में समझौते की गेंद भाजपा हाईकमान के पाले में डाल दी है। 

 

 


गठबंधन टूटने की कवायदों के बीच जजपा ने साल 2024 में होने वाले चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। आने वाले दिनों में पार्टी के दिग्गज नेता, मंत्री और विधायक लोकसभा और हलका स्तर पर जनसंपर्क अभियान को गति देंगे और पार्टी को और मजबूती प्रदान करेंगे। पार्टी द्वारा सभी 10 लोकसभा क्षेत्रों में बड़ी रैलियां की जाएंगी। सोमवार को चंडीगढ़ में हुई जजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला ने सभी विधायकों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा करके 31 अगस्त तक के पार्टी के कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई और अन्य कई विषयों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में डिप्टी सी.एम. दुष्यंत चौटाला, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, पार्टी के मंत्री एवं विधायक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में जजपा के 10 विधायकों में से 3 की गैरहाजिरी रही। नारनौंद से विधायक राम कुमार गौतम तथा नरवाना से विधायक रामनिवास सुरजाखेडा का नहीं आना तो सर्वविदित है जबकि जोगीराम भी बैठक में नहीं पहुंचे। बताया जाता है कि उन्होंने नहीं आने के लिए सूचित कर दिया था। 
 

 

 

जनसंपर्क अभियान तेज करने का फैसला
बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली, विधायक ईश्वर सिंह और वरिष्ठ जजपा नेता डॉ. के.सी. बांगड़ ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए बताया कि पार्टी ने आगामी तीन महीने में प्रदेश में जनसंपर्क अभियान तेज करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि एक महत्वपूर्ण निर्णय के तहत प्रदेश के सभी 10 लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी द्वारा लोकसभा वाइज विशाल रैलियां की जाएंगी। पहले चरण में लोकसभा स्तर की 5 रैलियां होंगी जिसके तहत दो जुलाई को सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में पार्टी पहली रैली करेगी जोकि विधायक अमरजीत ढांडा के आग्रह पर जुलाना में रखी गई है। इसके अलावा जुलाई और अगस्त में पार्टी द्वारा चार अन्य लोकसभा क्षेत्रों में भी बड़ी रैलियां की जाएगी।
 

 

 

दो महीने में 50 से ज्यादा सफल कार्यक्रम किए
कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली ने बताया कि जजपा ने पिछले दो महीने में 50 से ज्यादा सफल कार्यक्रम किए हैं। इस दौरान लगभग 20 शहरों में जनसंपर्क किया गया है और लगभग 20 ही ग्रामीण हलकों में सफल कार्यक्रम हुए हैं। मिशन दुष्यंत 2024 के तहत जजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला और कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली अगले तीन महीने में करीब 20 हलकों में कार्यक्रम करेंगे जबकि मंत्री अनूप धानक, दिग्विजय चौटाला और विधायकों के आगामी तीन महीने में प्रदेश में लगभग 20 हलकों के कार्यक्रम होंगे। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के अब तक 20 शहरों में जनसंपर्क कार्यक्रम हो चुके हैं और अगले तीन महीने में 20 से 25 कार्यक्रम और शहरों में भी निरंतर चलते रहेंगे। साथ ही गांवों में भी उनके कार्यक्रम होंगे। डा. अजय सिंह चौटाला, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, मंत्री देवेंद्र बबली और अनूप धानक व प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला के कार्यक्रम निरंतर चल रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sub Editor

Ajay Chandigarh

Related News