भक्ति रस में डूबा शहर, कहीं शोभायात्रा तो कहीं रासलीला, देखें तस्वीरें

Monday, Aug 14, 2017 - 08:34 AM (IST)

चंडीगढ़(नेहा/मीनाक्षी) : आदर्श पब्लिक स्मार्ट स्कूल सैक्टर-20 में जन्माष्टमी का पवित्र उत्सव उत्साह के साथ मनाया गया। सभी बच्चे पारंपरिक पोशाक में आए थे। कुछ लड़के श्रीकृष्ण के रूप में तैयार हुए, तो कुछ लड़कियों को राधा के रूप में तैयार किया गया। बाल गोपाल कृष्ण की शरारती प्रकृति को दर्शाने के लिए मटकी फोड़ कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जन्माष्टमी की एक झांकी सजाई गई थी। प्रिंसीपल सुनीता ठाकुर ने विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। स्कूल के डायरैक्टर अनिल ठाकुर ने इस शुभ अवसर पर छात्रों को आशीर्वाद दिया। 

 

विशेष झांकियां भक्तों को करेंगी आकर्षित :
सैक्टर-20 में जन्माष्टमी पर विशेष झांकियां भक्तों को आकर्षित करेंगी। चैतन्य गौड़ीय मठ के प्रवक्ता जय प्रकाश गुप्ता ने बताया इन झांकियों का उद्घाटन चंडीगढ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन द्वारा किया गया। सबसे पहले झांकी जिसमें दिखाया कि दुर्योधन के घर जब भगवान श्री कृष्ण महाभारत से पूर्व शांति दूर बनकर गए और दुर्योधन को समझाया कि यह युद्ध ना हो, तो उसने मना कर दिया। कहने लगा मर जाऊंगा या मार दूंगा पर हस्तिनापुर न दूंगा। इसके बाद जब दुर्योधन ने कृष्ण को भोजन के लिए कहा तो कृष्ण ने मना कर दिया और साथ ही विदुरानी के घर जाकर भूख के कारण केले के छिलके ही खाने लगे। 

 

दूसरी झांकी में मुस्लिम भक्त श्री हरिदास जी की सफल जीवन लीला को दिखाया। फिर अजन्मे भगवान श्री कृष्ण की लीला, अगली झांसी में माता यशोदा जी की भक्ति के वश में सर्वशक्तिमान भगवान श्री कृष्ण। ऑल इंडिया श्री चैतन्य गौड़ीय मठ जनरल सैक्रेटरी विष्णु महाराज ने बताया कि हमारी इस जन्माष्टमी में सबसे बड़ी आकर्षक झांकी जिसमें स्क्रीन व मूर्तियों से लोगों को दिखाया कि पंजाब राज्य के राजा द्रौपद ने एक यज्ञ करवाया जिसके फल में द्रौपदी व घृस्टघुमन युवाअवस्था में अवतरित हुए। 

 

फिर पांडवों के साथ द्रौपदी का विवाह, पांडवों द्वारा द्रौपदी को जुए में हारना वह दुर्योधन के कहने पर दुशासन का द्रोपदी को बालों से खींचकर सभा में लाना, दुर्योधन के कहने पर दुशासन का द्रौपदी की साड़ी खींचना, जिसे व खींचता-खींचता थक जाता है। द्रौपदी का भगवान श्री कृष्ण को पुकारना व आकाश मार्ग से गरुड़ पर सवार होकर भगवान श्री कृष्ण आए और द्रौपदी की लाज को बचाया। 

 

मठ की सुंदरता को बनाए रखने के लिए भगवान श्री कृष्ण का फूलों का महल जिसे इंटीरियर डिजाइनर करुण नरुला ने देसी वह विदेशी फूलों से भगवान श्री कृष्ण के बंगले को सजाया गया। मठ में इन मनमोहक झांकियों को बनाने और मशीन से चलने का कार्य 6 विशेष कारीगरों के सहयोग से पूरा हुआ। इनमें मठ प्रवक्ता जयप्रकाश,  बिहार से आए मूर्तिकार जयप्रकाश, शम्भू, करन नरुला, मुकेश, सुमित, रविंद्र कुमार वर्मा शामिल हैं।

 

दि ब्रिटिश स्कूल में मनाया स्वतंत्रता दिवस :
दि ब्रिटिश स्कूल सैक्टर-4 में हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस दौरान छात्रों ने प्रगतिशील भारत की रंगबिरंगी छवि पेश की। छात्रों ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। 

Advertising